सिडनी : ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम (Australia Cricket Team) के तेज गेंदबाज मिशेल स्टार्क (Mitchell Starc) ने अपना वीडियो फुटेज जारी कर अपने चोटिल होने का सबूत दिया है। इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) में पिछले दो साल से नीलामी से बाहर रहने वाले स्टार्क को 2018 में आईपीएल की फ्रेंचाइटी टीम कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) की तरफ से खेलना था, लेकिन चोटिल हो जाने के कारण वह उस साल केकेआर की ओर से एक भी मैच नहीं खेल सके थे। इस कारण उन्होंने बीमा कंपनी से 12 करोड़ रुपए का क्लेम किया था, लेकिन बीमा कंपनी ने उनके क्लेम को सही नहीं माना। अब स्टार्क ने उन्हें वीडियो सौंप कर अपने चोटिल होने का सबूत दिया है। यह वीडियो 2018 में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ खेले गए दूसरे टेस्ट मैच का है। यह वीडियो उन्होंने इसलिए बीमा कंपनी को सौंपा है, ताकि यह साबित हो सके कि उन्हें खेलने के दौरान चोट लगी। इस कारण केकेआर की ओर से 2018 में आइपीएल नहीं खेल पाए थे। स्टार्क के दावे के मुताबिक वह 15 लाख 30 हजार डॉलर ( करीब 11.7 करो़ड़ रुपए) की बीमा राशि के हकदार हैं।