
भारतीय महिला क्रिकेट टीम इस समय इंग्लैंड दौरे पर है, जहां मेजबान टीम के साथ टेस्ट मैच खेल रही है। इस बीच भारतीय टीम की दो स्टार खिलाड़ियों ने 16 जून को इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट मैच में उतरते ही एक बड़ा रिकॉर्ड बना लिया है। ये दो महिला क्रिकेटर हैं मिताली राज और झूलन गोस्वामी। दरअसल, मिताली और झूलन भारत के लिए सबसे अधिक समय तक टेस्ट मैच खेलने वाली महिला क्रिकेटर बन गई हैं। यहां तक की इस मामले में उन्होंने राहुल द्रविड, सौरव गांगुली और अनिल कुंबले को भी पीछे छोड़ दिया है। अब भारतीय क्रिकेट इतिहास में सिर्फ सचिन तेंदुलकर का टेस्ट कॅरियर ही मिताली और झूलन से लंबा है। मिताली और झूलन दोनों ने वर्ष 2002 में एक साथ पहला टेस्ट मैच खेला था और अब इनका नाम लॉन्गेस्ट कॅरियर की लिस्ट में दर्ज हो गया है।
19 साल 154 दिन का हुआ टेस्ट कॅरियर
मिताली राज और झूलन गोस्वामी ने अपना पहला टेस्ट मैच 14 जनवरी, 2002 को खेला था। अब दोनों ही खिलाड़ी ब्रिस्टल में 16 जून से इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट मैच खेल रही हैं। ऐसे में इन मिताली राज और झूलन गोस्वामी का टेस्ट कॅरियर 19 साल 154 दिन का हो गया है। इसके अलावा मिताली राज 1999 से अधिक समय से वनडे क्रिकेट खेल रही हैं। महिला क्रिकेटरों में मिताली के नाम सबसे लंबे वनडे कॅरियर का विश्व रिकॉर्ड भी है। इसके अलावा उन्होंने महिला वनडे क्रिकेट में सबसे अधिक 7098 रन बनाने का रिकॉर्ड भी बनाया है। वहीं झूलन गोस्वामी के नाम वनडे क्रिकेट में सबसे अधिक 233 विकेट लेने का विश्व रिकॉर्ड है।
राहुल द्रविड, सौरव गांगुली और अनिल कुंबले भी पीछे
सबसे लंबे टेस्ट कॅरियर के मामले में भारतीय पुरुष क्रिकेट टीम के कुछ दिग्गज भी इन दोनों महिला क्रिकेटरों से पीछे हैं। मिताली राज और झूलन गोस्वामी का टेस्ट कॅरियर जितना लंबा है, उतना तो राहुल द्रविड, सौरव गांगुली, अनिल कुंबले, एमएस धोनी जैसे दिग्गजों का भी नहीं है। अनिल कुंबले का टेस्ट कॅरियर 18 साल 88 दिन का है। वहीं राहुल द्रविड़ का कॅरियर 15 साल 222 दिन का है। इसके अलावा सौरव गांगुली का कॅरियर 12 साल 143 दिन का रहा है। हालांकि मिताली और झूलन विश्व में सबसे लंबे कॅरियर की लिस्ट में तीसरे नंबर पर हैं। न्यूजीलैंड की महिला क्रिकेटर वेरा बर्ट और इंग्लैंड की मैरी हाइड का टेस्ट कॅरियर इनसे लंबा है। न्यूजीलैंड की वेरा बर्ट का कॅरियर 20 साल 335 और इंग्लैंड की मैरी हाइड का कॅरियर 19 साल 211 रहा है।
Updated on:
17 Jun 2021, 11:21 AM IST
Published on:
17 Jun 2021, 11:18 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.