
मोहम्मद शमी ने पहले 4 मैच में नहीं खिलाने पर तोड़ी चुप्पी, दिया दिल जीत लेने वाला बयान।
वर्ल्ड कप 2023 के पहले चार मैचों के लिए भारत की प्लेइंग-11 में मोहम्मद शमी को शामिल नहीं किया गया था। उनकी जगह लगातार खराब प्रदर्शन कर रहे शार्दुल ठाकुर को मौका दिया जा रहा था। लेकिन, अनुभवी तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी को जैसे ही न्यूजीलैंड के खिलाफ मौका मिला तो उन्होंने अपने पहले मैच में ही शानदार प्रदर्शन किया। शमी ने 10 ओवर में 54 रन देकर पांच विकेट हॉल किया और भारत की जीत के हीरो भी बने। मौजूदा समय में भारत के लिए वर्ल्ड कप में वह सबसे ज्यादा 36 विकेट लेने वाले गेंदबाज भी बन गए हैं। शमी वर्ल्ड कप में दो बार पांच विकेट हॉल ले चुके हैं।
वर्ल्ड कप 2023 के पहले चार मैच बेंच पर गुजारने वाले मोहम्मद शमी ने कहा कि उन्हें हमेशा लगता है कि टीम में प्लेइंग-11 का हिस्सा न होने पर परेशान नहीं होना चाहिए और ना ही ये सोचना चाहिए कि हममें कुछ कमी है। शमी ने कहा कि सभी विकेट अच्छे हैं। जब आप देश के लिए खेलते हैं तो मुझे लगता है कि हर विकेट आपके लिए महत्वपूर्ण है। वैसे भी मुझे कोई विशेष विकेट अधिक पसंद नहीं है। मैं अपने सभी विकेटों का आनंद लेता हूं।
शमी ने कही दिल जीतने वाली बात
शमी ने आगे कहा कि अगर आपकी टीम प्रदर्शन कर रही है, तो मुझे नहीं लगता कि आपको बाहर बैठकर दोषी महसूस करना चाहिए। क्योंकि आप भी टीम का हिस्सा हैं और वर्ल्ड कप का हिस्सा भी हैं। मुझे लगता है कि सभी को एक-दूसरे की सफलता का आनंद लेना चाहिए।
शार्दुल के कारण प्लेइंग 11 से रहे बाहर
बता दें कि शमी 2013 में अपने डेब्यू के बाद से भारतीय टीम के अभिन्न सदस्य रहे हैं, लेकिन हार्दिक पांड्या, शार्दुल ठाकुर, जसप्रीत बुमराह और मोहम्मद सिराज के प्लेइंग-11 में होने के कारण उन्हें बाहर बैठना पड़ा। हार्दिक की चोट के कारण शमी भारत के तेज गेंदबाजी विकल्पों को बढ़ावा देने के लिए शार्दुल ठाकुर की जगह टीम में शामिल हुए हैं।
Published on:
23 Oct 2023, 1:22 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.