
Yuzvendra Chahal
नई दिल्ली : पाकिस्तान क्रिकेट टीम के के पूर्व लेग स्पिनर मुश्ताक अहमद (Mushtaq Ahamad) का मानना है कि इस समय विश्व के टॉप लेग स्पिनरों में से एक टीम इंडिया (Team India) के गेंदबाज युजवेंद्र चहल (Yuzvendra Chahal) हैं और वह खुद में थोड़ा-सा सुधार लाकर खुद को बेहद खरनाक गेंदबाज में तब्दील कर सकते हैं। कई राष्ट्रीय टीम समेत दुनियाभर में कोचिंग दे चुके मुश्ताक अहमद इस समय पाकिस्तान क्रिकेट टीम के गेंदबाजी सलाहकार हैं। अहमद ने कहा कि सीमित ओवरों के फॉर्मेट के के ओवरों में विकेट लेने की क्षमता के कारण चहल और कुलदीप यादव (Kuldeep Yadav) भारत के लिए मैच का पासा पलटने वाले गेंदबाज बन गए हैं।
इस तरह ला सकते हैं खुद में सुधार
मुश्ताक अहमद ने कहा कि इसमें कोई शक नहीं कि चहल बहुत अच्छे गेंदबाज हैं, लेकिन अगर वह क्रीज का बेहतर इस्तेमाल करना भी सीख लें तो और खतरनाक हो सकते हैं। वह कुछ मौकों पर क्रीज से बाहर जा सकते हैं। पिच को समझने की चतुराई उनमें होनी चाहिए। सपाट पिच पर सीधे स्टंप पर गेंद डाली जा सकती है। वहीं अगर गेंद ग्रिप ले रही है तो ऐसे विकेट पर क्रीज के बाहर भी जा सकते हैं, ताकि बल्लेबाजों को परेशानी हो। ऐसे में आपकी गुगली भी उतना ज्यादा टर्न नहीं लेगी, जितना बल्लेबाज उम्मीद कर रहा होगा और विकेट मिल जाएगा।
धोनी की सलाह कुलदीप और चहल के आई काम
मुश्ताक अहमद ने कहा कि युजवेंद्र चहल और कुलदीप यादव को विकेट के पीछे से पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी से मिलने वाली सलाह का काफी फायदा मिला। अहमद ने कहा कि आपको बल्लेबाज से एक कदम आगे रहना होगा। बल्लेबाज की क्षमता के मुताबिक फील्ड पोजिशन होनी चाहिए। अहमद ने कहा कि वह इस बात को हमेशा कहते हैं कि आक्रमण गेंद से नहीं, बल्कि क्षेत्ररक्षण से करो। यह बात समझ लेने के बाद आपको हमेशा कामयाबी मिलेगी। भारत अपने गेंदबाजों के सही इस्तेमाल से ही विश्व क्रिकेट में ताकत बना है। धोनी को इसमें महारत हासिल है। वह जानते हैं कि अपने गेंदबाजों का इस्तेमाल कब और कैसे करना है और अब विराट कोहली हैं।
मुश्ताक अहमद ने युजवेंद्र चहल के अलावा ऑस्ट्रेलिया के एडम जाम्पा और पाकिस्तान के शादाब खान को भी इस समय का बेस्ट लेग स्पिनरों में से एक बताया।
Updated on:
4 May 2020, 7:58 PM IST
Published on:
4 May 2020, 7:57 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.