
ऑस्ट्रेलियाई स्पिनर नाथन लियोन। (Photo- IANS)
George Bailey on Nathan Lyon: ऑस्ट्रेलिया को अगले महीने न्यूजीलैंड के खिलाफ घरेलू टेस्ट सीरीज खेलनी है। इसके लिए क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने टेस्ट टीम का ऐलान कर दिया है। इस टीम में अनुभवी स्पिनर नाथन लियोन को जगह नहीं मिली है। 2011 में टेस्ट डेब्यू के बाद यह पहला मौका है, जब उन्हें ऑस्ट्रेलिया की टेस्ट टीम से बाहर किया गया है। इसके बाद उनके करियर को लेकर कई सवाल उठने लगे हैं। अब इस मामले पर ऑस्ट्रेलिया के मुख्य चयनकर्ता जॉर्ज बेली ने बड़ा बयान दिया है।
जॉर्ज बेली का मानना है कि नाथन लियोन का टेस्ट करियर अभी खत्म नहीं हुआ है। अगर वह खेलना जारी रखने का फैसला करते हैं, तो अगले साल भारत के खिलाफ होने वाली पांच टेस्ट मैचों की सीरीज में उनका चयन लगभग तय है। बेली ने कहा कि चयन समिति की बातचीत का मुख्य संदेश यही था कि यह लियोन के करियर का अंत नहीं है। उनके लिए अभी टीम में वापसी का रास्ता खुला है। भारत जैसे दौरे पर उनका अनुभव और गेंदबाजी कौशल टीम के काफी काम आ सकता है। ऐसे में वह अब भी टीम के लिए अहम साबित हो सकते हैं।
हालांकि, बेली ने माना कि टीम से बाहर होने की खबर लियोन के लिए काफी मुश्किल रही होगी। उन्होंने कहा कि लियोन इस फैसले पर विचार करने के लिए कुछ समय ले रहे हैं। चयन समिति को उम्मीद है कि वह जल्दबाजी में संन्यास का फैसला नहीं करेंगे और उनका टेस्ट करियर अभी जारी रहेगा।
ऑस्ट्रेलिया के मुख्य चयनकर्ता से पूछा गया कि क्या क्रिकेट जारी रखने के बावजूद लियोन को भारत दौरे के लिए टीम में जगह नहीं मिलेगी? इस पर बेली ने कहा कि उन्हें इसकी संभावना नहीं दिखती।
उन्होंने कहा कि भारत में लियोन का रिकॉर्ड शानदार है। उन्हें वहां की परिस्थितियों का अच्छा अनुभव है। भारत का दौरा करना किसी भी टीम के लिए चुनौतीपूर्ण होता है। इसके अलावा ऑस्ट्रेलिया को वहां पांच टेस्ट मैच खेलने हैं। ऐसे में लियोन का अनुभव टीम के लिए काफी अहम हो सकता है।
जॉर्ज बेली ने यह भी कहा कि ऑस्ट्रेलिया अब स्पिन गेंदबाजों की भूमिका को लेकर ज्यादा लचीलापन अपनाना चाहता है। टीम के पास स्पिन गेंदबाजी में कई अच्छे विकल्प हैं। ऐसे में पिच, मैदान और विपक्षी टीम की परिस्थितियों को देखते हुए स्पिनरों का चयन किया जाएगा।
नाथन लियोन ने अब तक 145 टेस्ट मैचों में 577 विकेट लिए हैं। पिछले साल एशेज सीरीज के दौरान एडिलेड में उन्हें हैमस्ट्रिंग की चोट लगी थी। इसके बाद से वह अपने पुराने फॉर्म में नजर नहीं आए हैं।
38 वर्षीय लियोन की जगह वेस्टर्न ऑस्ट्रेलिया के स्पिनर कोरी रोचिसियोली को टीम में शामिल किया गया है। अब देखना होगा कि लियोन आगे क्या फैसला लेते हैं और क्या वह अगले साल भारत दौरे पर ऑस्ट्रेलिया की टेस्ट टीम में वापसी कर पाते हैं।
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
बड़ी खबरें
View Allक्रिकेट
खेल




