
इस दिग्गज ने वर्ल्ड कप 2018 से पहले छोड़ा न्यूजीलैंड टीम का साथ, बताया तंग आ गया हूं
नई दिल्ली। न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम के मुख्य कोच माइक हेसन ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। हेसन ने कहा है कि वह जुलाई के अंत में टीम से अलग हो जाएंगे। हेसन ने छह साल तक कीवी टीम को अपनी सेवाएं देने के बाद अलग होने का फैसला किया है। गुरुवार को ऑकलैंड में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में हेसन ने अपने इस्तीफे के पुष्टि की। उन्होंने 2015 क्रिकेट वर्ल्ड कप में न्यूजीलैंड टीम को फाइनल मुकाबले तक पहुंचाया था, जहां उनकी टीम ऑस्ट्रेलिया से हार गई। वर्ल्ड कप में यह न्यूजीलैंड का सबसे बढियां प्रदर्शन था।
करार खत्म होने से पहले छोड़ा टीम का साथ
क्रिकेट न्यूजीलैंड ने अपने बयान में कहा है कि हेसन ने मुख्य पद छोड़ने के बाद किसी अन्य टीम के साथ जुड़ने की बात नहीं कही है। वह अंतहीन अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट से तंग आ गए हैं और अब अपने बच्चों और पत्नी के साथ समय बिताना चाहते हैं। हेसन का करार 2019 विश्व कप तक का था। क्रिकेट न्यूजीलैंड के मुख्य कार्यकारी अधिकारी डेविड व्हाइट ने कहा है कि उन्होंने हेसन को टीम के साथ इंग्लैंड तथा वेल्स में अगले साल होने वाले विश्व कप तक बने रहने के लिए मनाया लेकिन वह नहीं माने। ऐसे में कीवी क्रिकेट बोर्ड ने उनके फैसले का सम्मान करने का फैसला किया।
काम के साथ न्याय नहीं कर सकूंगा- हेसन
हेसन ने अपने बयान में कहा, "इस काम में 100 फीसदी समर्पण की जरूरत है और आज मैं जिस तरह के हालात से गुजर रहा हूं, उसे देखते हुए ईमानदारी से कहूं तो मैं इस अहम काम के साथ न्याय करने की स्थिति में नहीं हूं। बोर्ड से मुझे अंतहीन समर्थन और सहयोग मिला और मैं इसके लिए उसका आभारी हूं। मुझे काम करने की हर तरह की आजादी दी गई।"
बदलाव के लिए न्यूजीलैंड को मिलेगा समय
हेसन की विदाई के बाद क्रिकेट न्यूजीलैंड को नए कोच की नियुक्ति के लिए काफी समय मिल जाएगा। उसे अक्टूबर में अब अपना अंतर्राष्ट्रीय दौरा करना है। अक्टूबर में उसे संयुक्त अरब अमीरात में पाकिस्तान के खिलाफ खेलना है। ब्रेंडन मैकलम को न्यूजीलैंड टीम का कप्तान बनाने में हेसन का बड़ा योगदान था। इसके साथ ही अलग प्रारूपों के लिए अलग कप्तान की भी वकालत कर चुकें हैं हेसन।
Updated on:
7 Jun 2018, 10:27 AM IST
Published on:
7 Jun 2018, 10:18 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.