
इस तरह अपना जन्मदिन मना रहाणे ने जीता लाखों भारतियों का दिल, हर तरफ हो रही वाहवाही
नई दिल्ली। भारतीय टेस्ट क्रिकेट टीम के उप-कप्तान अजिंक्य रहाणे का जन्मदिन 6 जून को होता है। ऐसे में उन्होंने बुधवार को अपने जन्मदिन को खास अंदाज में मनाया। उनके इस तरह से अपने जन्मदिन सेलिब्रेशन से उनके फैंस खुश हैं। रहाणे ने अपने इस कदम से यह साबित कर दिया कि वह कितने परिपक्व हैं। रहाणे बहुत ही अनुशासित खिलाड़ी हैं और उनको लाइम लाइट से दूर रहने में ही आनंद आता है। रहाणे को कुछ दिनों में बड़ी चुनौती का सामना करना है, वह 14 जून से अफगानिस्तान टीम के खिलाफ एकमात्र टेस्ट में भारतीय टीम की कप्तानी करते नजर आएंगे। विराट कोहली इस टीम का हिस्सा नहीं होंगे।
रहाणे ने यूं मनाया जन्मदिन
अपना 30वां जन्मदिन मना रहे रहाणे देश की सेवा में तत्पर एनएसजी ब्लैक कमांडोस से मिलने पहुंचे। उन्होंने इसकी तस्वीरें सोशल मीडिया पर भी शेयर की। रहाणे ने इंस्टाग्राम पर अपनी तस्वीर एनएसजी ब्लैक कमांडोस के साथ शेयर करते हुए लिखा "असली हीरोज के साथ जन्मदिन अच्छे से मनाया।" इस तस्वीर को 1.5 लाख लोगों ने लाइक किया है। रहाणे के इस तरह से जन्मदिन मनाने पर लोग उनकी तारीफ कर रहे हैं।
अजिंक्य करेंगे भारत की कप्तानी
भारत का अफगानिस्तान के खिलाफ 14 जून से मुकाबला है। यह अफगानिस्तान का टेस्ट क्रिकेट में पहला मैच होगा। यह मैच बैंगलुरु में होना है, इस मैच में भारतीय टीम की कप्तानी अजिंक्य रहाणे करते नजर आएंगे। रहाणे इससे पहले भी भारतीय टीम की टेस्ट मैच में कप्तानी का जिम्मा संभाल चुके हैं। मार्च 2017 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ धर्मशाला में हुए चौथे टेस्ट में वह टीम की कप्तानी कर चुके हैं। इस मैच में टीम को जीत मिली थी। अफगानिस्तान के खिलाफ मैच उनके लिए नयी चुनौतियां लाएगा। अफगानिस्तान की टीम के पास तीन बेहतरीन स्पिन गेंदबाज हैं- राशिद खान, मुजीब उर रहमान और मोहम्मद नबी। यह तीनो भारतीय बल्लेबाजों के लिए कठिन चुनौती पेश करेंगे।
विराट नहीं खेलेंगे अफगान के खिलाफ टेस्ट
विराट कोहली ने अफगानिस्तान टेस्ट से दूर रहने का मन बनाया था। वह इंग्लैंड दौरे की तैयारी के लिए काउंटी क्रिकेट खेलना चाहते हैं। उन्होंने इसके लिए सरे काउंटी के साथ कॉन्ट्रैक्ट भी साइन किया था, लेकिन गर्दन में आयी चोट के चलते अब वह काउंटी भी नहीं खेल सकेंगे। इसके साथ ही वह अफगानिस्तान टेस्ट का भी हिस्सा नहीं होंगे । उनकी गैरमौजूदगी में भारतीय टीम के उपकप्तान अजिंक्य रहाणे टीम की कमान संभाल रहे हैं।
Updated on:
7 Jun 2018, 9:29 AM IST
Published on:
7 Jun 2018, 9:18 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.