
इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) में कोलकाता नाइट राइडर्स की तरफ से खलने वाले प्रमुख बल्लेबाज नितीश राणा ने हाल ही एक अहम खुलासा करते हुए बताया कि वे 2015 में आईपील के दौरान विराट कोहली से मिलने उनके घर पर गए थे। साथ ही उन्होंने बताया कि विराट कोहली की याददाश्त बहुत अच्छी है। उन्होंने नितीश राणा को पहचान लिया था। राणा ने बताया कि वह विराट कोहली से बैटिंग टिप्स लेने के लिए उनके घर गए थे। साथ ही राणा ने बताया कि उस सीजन दोनों प्लेयर्स की टीमों के बीच एक मैच हुआ था। उस मैच में नितीश राणा जिस पोजिशन पर फील्डिंग कर रहे थे उसकी वजह से विराट कोहली ने उन्हें पहचान लिया था।
पहली बार आईपीएल में खेल रहे थे नितीश राणा
नितीश राणा ने इंडिया टीवी से बात करते हुए बताया कि जब वे विराट कोहली के घर गए तो उनके बीच काफी बातचीत हुई और कोहली से बात कर उन्होंने अपने संदेह दूर किए और उनसे बैटिंग टिप्स लिए। राणा ने बताया कि आईपीएल में उनका पहला सीजन था। साथ ही उन्होंने बताया कि जब उन्होंने कोहली से बातचीत शुरू की तो कोहली ने उनको कहा कि तुम मेरे खिलाफ प्वॉइंट पर फील्डिंग कर रहे थे ना।
मुंबई इंडियंस की टीम में थे राणा
जब कोहली ने उन्हें बताया कि वो कहां फील्डिंग कर रहे थे तो राणा सोच में पड़ गए थे क्योंकि मैच के दौरान बहुत सी चीजें चल रही थीं, इसके बावजूद कोहली उन्हें पहचान गए थे। राणा ने बताया कि कोहली से बातचीत के दौरान उन्होंने कई टिप्स लिए और अपनी सभी पुरानी शंकाओं को दूर किया। इससे राणा को काफी फायदा हुआ। 2015 में नितीश राणा मुंबई इंडियंस की टीम का हिस्सा थे। फिलहाल वह आईपीएल में केकेआर के लिए खेलते हैं और उनके प्रमुख खिलाड़ी हैं।
कुलदीप यादव के बयान पर बोले राणा
इसके अलावा नितीश राणा ने कुलदीप यादव के उस दावे को खारिज कर दिया, जिसमें कुलदीप ने कहा था कि फ्रेंचाइजी ने आईपीएल 2021 को गंभीरता से नहीं लिया। इस पर राणा ने कहा कि ऐसा कुछ नहीं था भले ही टीम में कुछ सुधार की गुंजाइश जरूर थी। आईपीएल 2021 में केकेआर टीम का प्रदर्शन अच्छा नहीं रहा और टूर्नामेंट स्थिगित होने तक टीम अंकतालिका में सातवें स्थान पर थी। कुलदीप यादव ने बयान में कहा था कि गंभीर के नेतृत्व में जैसी टीम थी, इस साल केकेआर में जीत की भूख वैसी नजर नहीं आई।
Published on:
18 Jun 2021, 4:12 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.