17 सितंबर 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

Pak-W vs Thai-W, Asian Games: पाकिस्तान ने थाइलैंड को रोमांचक मुकाबले में हराया, सेमीफाइनल का टिकट कटाया

Asian Games 2026 के दूसरे क्वार्टरफाइनल में पाकिस्तान महिला क्रिकेट टीम ने बारिश से बाधित मुकाबले में थाईलैंड को 3 विकेट से हराकर सेमीफाइनल में जगह बनाई।
2 min read
Google source verification
Women's Asian Games 2026: Pak- vs THAI Cricket.

पाकिस्‍तान महिला क्रिकेट टीम की कप्‍तान फातिमा सना। (फोटो सोर्स: IANS)

Pakistan Women vs Thailand Women: पाकिस्तान की महिला क्रिकेट टीम ने एशियन गेम्स 2026 के दूसरे क्वार्टरफाइनल में थाईलैंड को हराकर सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया है। दोनों टीमों के बीच बारिश से बाधित यह मुकाबला स्पोर्ट्स पार्क में खेला गया। थाईलैंड की टीम ने निर्धारित 11 ओवर में 4 विकेट खोकर 91 रन बनाए। जवाब में पाकिस्तान ने 10.4 ओवर में 7 विकेट पर 92 रन बनाकर लक्ष्य हासिल कर लिया।

बारिश के चलते टॉस में देरी

बारिश की वजह से थाईलैंड और पाकिस्तान के बीच मुकाबला देरी से शुरू हुआ। इस कारण मैच को दोनों टीमों के लिए 11-11 ओवरों का कर दिया गया। पाकिस्तान की कप्तान फातिमा सना ने टॉस जीतकर थाईलैंड को पहले बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित किया।

नान्नापत कांचारोएन्काई अर्धशतक से चूकीं

थाईलैंड की ओर से नान्नापत कांचारोएन्काई ने पाकिस्तान की गेंदबाजों का बखूबी सामना किया, लेकिन वह अर्धशतक से महज एक रन से चूक गईं। थाईलैंड की 26 वर्षीय खिलाड़ी ने 38 गेंदों का सामना करते हुए 49 रन बनाए। इस दौरान उन्होंने 7 चौके लगाए। उनकी पारी इसलिए भी महत्वपूर्ण रही, क्योंकि उन्होंने शुरुआती झटकों से थाईलैंड को न सिर्फ उबारा, बल्कि टीम के स्कोर को भी मजबूत करने में अहम योगदान दिया। उनके अलावा थाईलैंड की ओर से फनिता माया ने 15 रन और कप्तान नरुइमोल चाइवाइ ने 10 रन बनाए।

पाकिस्तान को आखिरी ओवर में मिली जीत

थाईलैंड ने मैच में पाकिस्तान को कड़ी टक्कर दी। हालांकि, पाकिस्तान की टीम को अच्छी शुरुआत मिली थी। पाकिस्तान की ओर से गुल फिरोजा और शवाल जुल्फिकार की सलामी जोड़ी ने पहले विकेट के लिए 3.4 ओवर में 36 रन जोड़े। शवाल जुल्फिकार (25 रन, 14 गेंद) के आउट होते ही पाकिस्तान के लगातार विकेट गिरने लगे।

मुकाबला कांटे का नजर आ रहा था, लेकिन तुबा हसन ने एक चौका और एक छक्का जड़कर मैच का रुख पाकिस्तान के पक्ष में कर दिया। पाकिस्तान की ओर से आयशा जफर ने 1 रन, गुल फिरोजा ने 16 रन, आलिया रियाज ने 4 रन, कप्तान फातिमा सना ने 21 रन, ईमान फातिमा ने 7 रन और तुबा हसन ने 13 रन का योगदान दिया।

ओनिचा कामचौम्फू ने मैच में चटकाए सर्वाधिक विकेट

पाकिस्तान के लिए कप्तान फातिमा सना सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज रहीं। उन्होंने अपने तीन ओवरों में 22 रन देकर 2 विकेट लिए। बाएं हाथ की स्पिनर नशरा संधू ने भी एक विकेट हासिल किया। वहीं, थाईलैंड के लिए ओनिचा कामचौम्फू सबसे सफल गेंदबाज रहीं। उन्होंने 3 ओवर में 37 रन देकर 3 विकेट चटकाए। उनके अलावा थाईलैंड की ओर से सुनीदा चतुरोंगरत्तना ने 2 और सुलेपॉर्न लाओमी ने 1 विकेट हासिल किया।