
बारिश से धुल सकता है इंग्लैंड-पाकिस्तान का फाइनल, रिजर्व दिन भी भारी बारिश की भविष्यवाणी।
Pakistan vs England Final t20 world cup 2022 : पाकिस्तान के बाद इंग्लैंड टीम ने भी टी20 वर्ल्ड कप 2022 के फाइनल में स्थान पक्का कर लिया है। पाकिस्तान ने जहां न्यूजीलैंड को हराकर फाइनल में प्रवेश किया है तो इंग्लैंड ने भारत को हराया है। अब खिताबी मुकाबला पाकिस्तान-इंग्लैंड के बीच 13 नवंबर को मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड में खेला जाएगा। हालांकि टी20 विश्व कप के फाइनल से पूर्व क्रिकेट प्रेमियों के लिए एक बुरी खबर आ रही है। मौसम विभाग के मुताबिक मेलबर्न में वर्ल्ड कप के फाइनल के दिन बारिश की चेतावनी जारी की गई है। इस तरह बारिश खेल का मजा किरकिरा कर सकती है। इतना ही नहीं मौसम विभाग ने रिजर्व डे 14 नवंबर को भी तेज बारिश की भविष्यवाणी की है।
मौसम विभाग के मुताबिक, आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप के फाइनल के दिन रविवार 13 नवंबर को मेलबर्न में भारी बारिश का अनुमान जताया गया है। मौसम विभाग ने 13 नवंबर को मेलबर्न में 95 फीसदी बारिश की चेतावनी जारी की है। इसके साथ ही करीब 20 किलोमीटर की रफ्तार से हवाएं चलने की भी संभावना है। बता दें कि रविवार को फाइनल मैच हाेने के चलते 90 हजार से अधिक दर्शकों के मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड पहुंचने का अनुमान है। ऐसे में अगर बारिश हुई तो प्रशंसकों को काफी निराशा होगी।
रिजर्व डे के दिन भी भारी बारिश का अलर्ट
बता दें कि आईसीसी ने फाइनल के दिन बारिश होने की स्थिति में रिजर्व डे भी रखा है। अगर पाकिस्तान और इंग्लैंड का मुकाबला रविवार 13 नवंबर को बारिश से धुलता है तो रिजर्व डे 14 नवंबर को खेला जा सकता है। लेकिन मौसम विभाग ने 14 नवंबर को भी तेज बारिश की संभावना व्यक्त की है। ऐसे में टी20 वर्ल्ड कप का फाइनल मैच कैसे होगा? इस महामुकाबले को जीतकर पाकिस्तान या इंग्लैंड चैंपियन बनेगा, यह देखना दिलचस्प होगा।
यह भी पढ़े -वर्ल्ड कप से बाहर होने के बाद इमोशनल हुए विराट कोहली, पोस्ट में लिखी दिल की बात
इंग्लैंड के आंकड़े पाकिस्तान पर भारी
बता दें कि इंग्लैंड और पाकिस्तान के बीच अब तक टी20 के 28 मैच खेले गए हैं। इनमें से इंग्लैंड ने 18 मैच जीते हैं तो पाकिस्तान सिर्फ 9 मुकाबले ही जीत सका है। जबकि एक मैच रद्द हुआ है। वहीं, टी20 वर्ल्ड कप की बात की जाए तो दोनों टीमों के बीच दो मुकाबलों हुए हैं और दोनों में ही इंग्लैंड जीता है।
यह भी पढ़े - वर्ल्ड कप में हारने के बाद राहुल द्रविड़ को दिया आराम
Published on:
11 Nov 2022 03:33 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
