
IPL Mega Auction 2025: इंडियन प्रीमियर लीग के अगले सीजन के लिए मेगा ऑक्शन का आयोजन सऊदी के जेद्दा में 24 और 25 नवंबर को होना है। इसी कड़ी में भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ने 574 खिलाड़ियों की फाइनल लिस्ट जारी कर दी है। इनमें से 366 भारतीय और 208 विदेशी हैं, जिनमें एसोसिएट देशों के 3 खिलाड़ी शामिल हैं।
नीलामी में 318 भारतीय अनकैप्ड खिलाड़ी और 12 अनकैप्ड विदेशी खिलाड़ी शामिल होंगे। फ्रेंचाइजी टीमों के लिए 204 स्लॉट उपलब्ध हैं, जिसमें से 70 स्लाट विदेशी खिलाड़ियों के लिए है। 81 खिलाड़ियों का बेस प्राइस 2 करोड़ है। 24 नवंबर को IPL Mega Auction भारतीय समयानुसार 3:30 PM से शुरू होगा।
सऊदी अरब के जेद्दा में 24 और 25 नवंबर को होने वाली आईपीएल 2025 की बड़ी नीलामी में अपनी-अपनी टीमों द्वारा रिलीज़ किए गए कप्तान श्रेयस अय्यर, ऋषभ पंत और केएल राहुल 12 मार्की खिलाड़ियों में शामिल हैं।
मार्की खिलाड़ियों की सूची में सात भारतीय हैं। अय्यर, पंत और अर्शदीप सिंह छह मार्की खिलाड़ियों के पहले सेट में शामिल हैं। युजवेंद्र चहल, मोहम्मद शमी और मोहम्मद सिराज दूसरे सेट में शामिल हैं।
पांच विदेशी खिलाड़ियों में आईपीएल नीलामी के इतिहास में सबसे महंगे खिलाड़ी मिचेल स्टार्क, इंग्लैंड के सफ़ेद गेंद के कप्तान जॉस बटलर, इंग्लैंड के ऑलराउंडर लियाम लिविंगस्टन, दक्षिण अफ़्रीका के विस्फोटक बल्लेबाज डेविड मिलर और दक्षिण अफ़्रीका के तेज़ गेंदबाज़ कैगिसो रबाडा शामिल हैं।
574 खिलाड़ियों की नीलामी सूची में जोफ्रा आर्चर नहीं हैं, जिन्होंने चोट से उबरने के बाद हाल ही में वापसी की है। मुंबई इंडियंस ने 2022 की नीलामी में उनको 8 करोड़ रुपए में खरीदा था। तब उनकी कोहनी की सर्जरी हुई थी और उस सीजन तक उनके ठीक होने की उम्मीद नहीं थी। आखिरी में वह दोनों सीजन मुंबई इंडियंस के लिए नहीं खेले और बाद में उन्हें रिलीज कर दिया गया।
2018 नीलामी के बाद से यह पहली बार है, जब मार्की खिलाड़ियों की सूची को दो भागों में बांटा गया है। 2018 में दो सेट में 16 मार्की खिलाड़ी शामिल थे। 2022 की बड़ी नीलामी में 10 मार्की खिलाड़ी एक ही सेट में थे।
कोलकाता नाइटराइडर्स और राजस्थान रॉयल्स ने सभी छह खिलाड़ियों को रिटेन किया था, जिसके कारण उनके पास नीलामी में राइट-टू-मैच (RTM) का विकल्प नहीं होगा। पंजाब किंग्स के पास चार RTM, रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के पास तीन, दिल्ली कैपिटल्स के पास दो, चेन्नई सुपर किंग्स, गुजरात टाइटंस , लखनऊ सुपर जायंट्स और मुंबई इंडियंस के पास एक-एक RTM विकल्प होगा।
इस बार की बड़ी नीलामी में तीन खिलाड़ी एसोसिएट टीमों से हैं, जिसमें पाकिस्तानी मूल के अमेरिकी क्रिकेटर अली खान, पूर्व भारतीय अंडर-19 कप्तान उन्मुक्त चंद और स्कॉटलैंड के ब्रैंडन मक्मलेन का नाम शामिल है। कुल 330 अनकैप्ड खिलाड़ी इस नीलामी का हिस्सा होंगे, जिसमें 318 भारतीय और 12 विदेशी खिलाड़ी शामिल हैं।
Updated on:
16 Nov 2024, 12:36 AM IST
Published on:
15 Nov 2024, 8:58 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.