4 नवंबर 2026,

बुधवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

दक्षिण अफ्रीका दौरे के लिए एक साल के बाद इस बाएं हाथ के बल्लेबाज की हुई वापसी, बुमराह कर सकते हैं टेस्ट डेब्यू

विकेटकीपर और बाएं हाथ के बल्लेबाज पार्थिव पटेल ने टीम में एक साल के बाद वापसी की है, वहीँ जसप्रीत बुमराह को भी टेस्ट टीम में शामिल किया गया है।
3 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

नई दिल्ली

•

image

Kuldeep Panwar

•

Updated: 5 Dec 2017, 8:31 AM IST

https://twitter.com/BCCI/status/937684453471657990

नई दिल्ली। भारत की वनडे और टी-20 टीम का अहम हिस्सा तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह का टेस्ट का इंतजार आखिरकार खत्म हो गया। उन्हें सोमवार को अखिल भारतीय सीनियर चयन समिति ने अगले साल होने वाले दक्षिण अफ्रीका दौरे के लिए 17 सदस्यीय टीम में चुना है। वहीं चयन समिति ने श्रीलंका के खिलाफ होने वाली तीन मैचों की टी-20 सीरीज के लिए टीम का ऐलान कर दिया है। विराट कोहली को आराम देते हुए रोहित शर्मा को टीम की कमान सौंपी है और तीन नए चेहरों को जगह दी है जबकि बाएं हाथ के तेज गेंदबाज जयदेव उनादकट की वापसी हुई है।

श्रीलंका के खिलाफ नए चेहरे
टी-20 में पहली बार वॉशिंगटन सुंदर, दीपक हुड्डा और बासिल थंपी को जगह मिली है। सुंदर ने हाल ही में घरेलू क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन किया है। उन्होंने इसी साल पहली बार इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में राइजिंग पुणे सुपरजाएंट में रहते हुए अपने खेल से सभी को प्रभावित किया था। विराट के अलावा टी-20 में से भुवनेश्वर कुमार और सलामी बल्लेबाज शिखर धवन को आराम दिया गया है। वहीं अक्षर पटेल को टीम से बाहर कर दिया गया है। बुमराह काफी दिनों से टेस्ट टीम के दरवाजें पर खड़े थे। चयनकर्ताओं ने दक्षिण अफ्रीका की परिस्थितियों को देखते हुए उन्हें टेस्ट टीम में चुना है। बुमराह के लिए चाइनामैन कुलदीप यादव को अपनी जगह से हाथ धोना पड़ा है। बुमराह ने हालांकि कई दिनों से लाल गेंद से गेंदबाजी नहीं की। वह मौजूदा रणजी सत्र में भी नहीं खेल रहे हैं।

बुमराह कर सकते है डेब्यू
टीम को घोषणा करते समय संवाददाता सम्मेलन में मुख्य चयनकर्ता एम.एस.के. प्रसाद से जब बुमराह के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा, "आप बुमराह का पिछला रिकार्ड देख लीजिए, उन्होंने शानदार प्रदर्शन किया है। हमने उनकी काबिलियत पर किसी तरह का शक नहीं है। उनको चुनने का फैसला सर्वसम्मति से लिया गया। उनको चुनने के पीछे वहां की विकेट के स्वभाव को ध्यान में रखा गया है।"वहीं, श्रीलंका के साथ जारी टेस्ट सीरीज में आराम दिए गए हरफनमौला खिलाड़ी हार्दिक पांड्या टीम में लौट आए हैं। पिछले साल इंग्लैंड के खिलाफ घर में खेली गई सीरीज में लंबे अरसे बाद वापसी करने वाले विकेटकीपर-बल्लेबाज पार्थिव पटेल को दक्षिण अफ्रीका दौरे पर दूसरे विकेटकीपर के तौर पर चुना गया है।

पार्थिव की एक साल बाद वापसी
पार्थिव के बारे में प्रसाद ने कहा, "हम दक्षिण अफ्रीका दौरे पर किसी तरह का जोखिम नहीं लेना चाहते। जब आप दक्षिण अफ्रीका जाते हो आपके पास एक रिजर्व विकेटकीपर होना चाहिए। जाहिर सी बात है साहा नंबर-1 विकेटकीपर हैं। प्रसाद ने कहा कि यह टीम दक्षिण अफीका दौरे के लिए सबसे संतुलित टीम है। उन्होंने कहा, "यह दक्षिण अफ्रीका दौरे के लिए भारत की सबसे संतुलित टीम है। हमें पूरा भरोसा है कि यह टीम वहां अच्छा प्रदर्शन करेगी। श्रीलंका के खिलाफ वनडे टीम में चुने गए तेज गेंदबाज सिद्धार्थ कौल को टी-20 टीम में जगह नहीं मिली है। इस पर प्रसाद ने कहा, "अभी हमारा यह सोचना है कि सिद्धार्थ वनडे टीम के लिए सही विकल्प हैं जबकि मोहम्मद सिराज और बासिल थंपी टी-20 के लिए सही हैं। श्रीलंका के खिलाफ तीन टी-20 मैचों की सीरीज 20 दिसंबर से शुरू होगी। इसका पहला मैच कटक में खेला जाएगा। दूसरा और तीसरा मैच क्रमश: 22 और 24 दिसंबर इंदौर और मुंबई में खेला जाएगा। वहीं दक्षिण अफ्रीका दौर पर भारतीय टीम तीन टेस्ट मैचों की सीरीज खेलेगी। सीरीज का पहला मैच

टीम :
श्रीलंका के खिलाफ टी-20 सीरीज के लिए भारतीय टीम : रोहित शर्मा (कप्तान), लोकेश राहुल, श्रेयस अय्यर, मनीष पांडे, दिनेश कार्तिक, महेंद्र सिंह धौनी (विकेटकीपर), हार्दिक पांड्या, वाशिंगटन सुंदर, युजवेंद्र चहल, कुलदीप यादव, दीपक हुड्डा, जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद सिराज, बासिल थम्पी और जयदेव उनादकट

दक्षिण अफ्रीका दौरे के लिए भारतीय टेस्ट टीम : विराट कोहली (कप्तान), अजिंक्य रहाणे (उप-कप्तान), मुरली विजय , शिखर धवन, लोकेश राहुल, चेतेश्वर पुजारा , रोहित शर्मा, रिद्धिमान साहा (विकेटकीपर), पार्थिव पटेल (विकेटकीपर), हार्दिक पांड्या, रविचंद्रन अश्विन, रवींद्र जडेजा, भुवनेश्वर कुमार, मोहम्मद शमी, इशांत शर्मा, उमेश यादव और जसप्रीत बुमराह।