
श्रीलंकाई ओपनर पथुम निसांका। (फाइल फोटो सोर्स: cricbuzz)
Pathum Nissanka ruled out PAK vs SL Tests: श्रीलंका के स्टार ओपनर पथुम निसांका पाकिस्तान में होने वाली दो मैचों की टेस्ट सीरीज से बाहर हो गए हैं। बताया जा रहा है कि वे बाएं हैमस्ट्रिंग की चोट से उबर नहीं पाए हैं। निसांका को 15 सदस्यीय टीम में चुना गया था, लेकिन वे मेडिकली फिट घोषित होने पर ही ट्रैवल करने वाले थे। श्रीलंका क्रिकेट के बयान जारी कर कन्फर्म किया है कि वे सीरीज के लिए समय पर फिट नहीं हो पाएंगे। आईसीसी वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के तहत खेली जाने वाली इस सीरीज से पहले यह श्रीलंका के लिए किसी बड़े झटके से कम नहीं है।
बता दें कि निसांका को सितंबर में श्रीलंका के इंग्लैंड के व्हाइट-बॉल टूर के दौरान चोट लगी थी और इसके बाद वे पाकिस्तान के खिलाफ टी20 इंटरनेशनल सीरीज से बाहर हो गए थे। उन्हें मौजूदा वनडे इंटरनेशनल ट्राई-सीरीज के लिए फिटनेस के आधार पर टीम में चुना गया था, लेकिन फिट नहीं होने के कारण आखिरकार उन्हें बाहर कर दिया गया। अब नए झटके ने निसांका की टेस्ट वापसी को और डिले कर दिया है। वे कलाई की चोट के कारण अगस्त में भारत के खिलाफ घरेलू सीरीज से भी बाहर हो गए थे।
निसांका की जगह ओपनर लाहिरू उदारा को टेस्ट के लिए लिया गया है। उदारा पहले से ही वन-डे टीम के साथ पाकिस्तान में हैं, उन्हें ट्राई-सीरीज के लिए निसांका की जगह भी लिया गया है। उन्होंने पांच टेस्ट खेले हैं और इस फॉर्मेट में श्रीलंका के दो सबसे हालिया मैचों में वेस्टइंडीज और भारत के खिलाफ 188 रन बनाए हैं।
श्रीलंका और पाकिस्तान दो टेस्ट मैचों में आमने-सामने होंगे जो मौजूदा वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप साइकिल का हिस्सा हैं, जो रावलपिंडी (9-13 नवंबर) और लाहौर (17-21 नवंबर) में होंगे। यह सीरीज नए कप्तान कुसल मेंडिस के नेतृत्व में श्रीलंका की इस फॉर्मेट में पहली सीरीज होगी।
कुसल मेंडिस (कप्तान), पसिंदू सोरियाबंदारा, दिनेश चांदीमल, कामिंदू मेंडिस, सोनल दिनुशा, धनंजय डी सिल्वा, अंजला बंदारा, केशर नुवांथा, प्रभात जयसूर्या, मिलन रथनायके, लाहिरू कुमारा, असिथा फर्नांडो, दिलशान मदुशंका, ईशान मलिंगा, लाहिरू उदारा।
Updated on:
27 Oct 2026, 11:55 AM IST
Published on:
27 Oct 2026, 11:45 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.