
एक गेंद पर 2 बार DRS, अश्विन ने थर्ड अंपायर के फैसले को ही दी चुनौती, देखें फिर क्या हुआ।
TNPL 2023 : टीम इंडिया के स्टार ऑफ स्पिनर रविचंद्रन अश्विन वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल के बाद अब वेस्टइंडीज के खिलाफ टेस्ट सीरीज के लिए अपने हथियारों को धार देने के लिए तमिलनाडु प्रीमियर लीग में हाथ आजमा रहे हैं। वहीं अब टीएनपीएल का रोमांच भी बढ़ता जा रहा है। इस लीग के चौथे मुकाबले में रविचंद्रन अश्विन ने कुछ ऐसा किया है, जो चर्चा का विषय बन गया है। यह देख आपका सिर भी चकरा जाएगा। इस मैच में एक गेंद पर ही दो डीआरएस ले लिए गए। अश्विन ने थर्ड अंपायर के फैसले के खिलाफ ही रिव्यू मांग लिया जिसका वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है।
अश्विन के 13वें ओवर में हुई ये घटना
तमिलनाडु प्रीमियर लीग 2023 के तहत चौथा मैच बुधवार रात डिंडिगुल ड्रैगन्स औऱ त्रिचि के बीच खेला गया। रविचंद्रन अश्विन की कप्तानी में डिंडिगुल ने पहले गेंदबाजी करते हुए त्रिचि को 120 रन पर समेट दिया। अश्विन ने इस मैच में 2 विकेट चटकाए। अश्विन के 13वें ओवर में एक ऐसी घटना हुई जो चर्चा का विषय बन गई। इस ओवर की आखिरी गेंद पर बल्लेबाज राजकुमार बड़ा शॉट नहीं खेल सके। उनके खिलाफ कैच की अपील हुई तो अंपायर ने आउट करार दिया।
अश्विन ने थर्ड अंपायर के खिलाफ मांग लिया डीआरएस
बल्लेबाज ने फील्ड अंपायर के फैसले को चुनौती देते हुए डीआरएस मांग लिया। रीप्ले में नजर आया कि गेंद बल्ले से नहीं लगी थी। बल्ला पिच से छुआ था। थर्ड अंपायर ने मैदानी अंपायर के फैसले को पलटते हुए बल्लेबाज को नॉट आउट करार दिया। लेकिन, अश्विन थर्ड अंपायर के इस फैसले से संतुष्ट नहीं थे। उन्होंने थर्ड अंपायर के फैसले को चुनौती देते हुए डीआरएस की मांग कर दी। रविचंद्रन अश्विन के फैसले के बाद टीवी अंपायर ने फिर से रीप्ले देखा फिर से बल्लेबाज का नॉट आउट करार दिया।
यह भी पढ़ें : ईशान किशन ने टीम से नाम वापस लेकर की बड़ी भूल, अब टेस्ट डेब्यू मुश्किल!
अश्विन की टीम ने जीता मैच
राजकुमार ने अंतिम ओवर में अश्विन की तीन गेंदों पर तीन चौके और एक सिक्स लगाया। इस तरह अश्विन ने 4 ओवर में 26 रन देकर 2 विकेट हासिल किए। यह मुकाबला अश्विन की टीम डिंडिगुल ने 6 विकेट से जीतकर टूर्नामेंट में जीत से शुरुआत की।
यह भी पढ़ें : रिंकू सिंह के बाद अब इस भारतीय बल्लेबाज ने 5 गेंद पर जड़े लगातार 5 सिक्स
Published on:
15 Jun 2023, 9:40 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.