
RCB vs MI Match Highlights: महिला प्रीमियर लीग 2025 का 7वां मुकाबला शुक्रवार को बंगलुरू के एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में मुंबई इंडियंस और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के बीच खेला गया। कप्तान हरमनप्रीत कौर के अर्धशतक की बदौलत मुंबई ने इस मैच को चार विकेट से जीतते हुए पॉइंट्स टेबल में दूसरा स्थान हासिल कर लिया। एमआई अब चार अंक हैं और नेट रन रेट +0.610 का है। वहीं, आरसीबी पॉइंट्स टेबल में टॉप पर है। मैच में टॉस हारकर पहले बैटिंग करने उतरी आरसीबी ने निर्धारित 20 ओवर में 7 विकेट के नुकसान पर 167 रन बनाए। इसके जवाब में एमआई ने एक गेंद शेष रहते छह विकेट पर 170 रन बनाकर जीत हासिल की। इस टूर्नामेंट में ये आरसीबी की पहली हार है और मुंबई की दूसरी जीत है।
168 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी एमआई की शुरुआत बेहद खराब रही। जब दूसरे ही ओवर में ही किम गार्थ ने यास्तिका भाटिया का विकेट चटकाया। इसके बाद हेली मैथ्यूज क्रीज पर आईं और नैट सिवर ब्रंट के साथ दूसरे विकेट के लिए 27 गेंदों पर 57 रनों की साझेदारी की। राघवी बिष्ट ने हेली मैथ्यूज (15) को अपना शिकार बनाया। आरसीबी के खिलाफ जीत की हीरो कप्तान हरमनप्रीत कौर रहीं, जिन्होंने न केवल अर्धशतक बनाया, बल्कि अमनजोत कौर के साथ 49 गेंदों में 62 रनों की अहम साझेदारी भी निभाई। हरमनप्रीत ने 50 रन और अमनजोत कौर ने नाबाद 34 रन बनाए। आरसीबी की ओर से जॉर्जिया वेयरहैम ने 3 तो किम गार्थ ने दो विकेट चटकाए।
इससे पहले टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने एलिस पैरी की अर्धशतक के दम पर निर्धारित 20 ओवर में सात विकेट गंवाकर 167 रन स्कोर बोर्ड पर टांगे। डिफेंडिंग चैंपियन अपने घर खेल रही थी, लेकिन उसकी शुरुआत कुछ खास नहीं रही। आरसीबी को पहला झटका कप्तान स्मृति मंधाना के रूप में महज 29 के स्कोर पर लगा। उन्हें शबनम इस्माइल ने पवेलियन भेजा। इसके बाद नैट सिवर ब्रंट ने डैनी व्यॉट हॉज को पवेलियन भेजा, जो नौ रन बना सकीं।
आरसीबी के एक छोर से विकेट गिरते रहे तो दूसरा छोर एलिस पेरी ने संभाले रखा। पेरी ने महज 43 गेंदों पर 81 रनों की विस्फोटक पारी खेली और स्कोर 150 के पार पहुंचाया। इस दौरान उन्होंने अपनी पारी में 11 चौके और 2 गगनचुंबी छक्के जड़े। आरसीबी के लिए उनके अलावा रिचा घोष ने 28 रन बनाए। मुंबई इंडियंस की ओर अमनजोत कौर ने तीन विकेट, वहीं शबनम, ब्रंट, मैथ्यूज और संस्कृति ने एक-एक विकेट लिया।
Updated on:
22 Feb 2025, 7:49 AM IST
Published on:
22 Feb 2025, 7:49 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.