
नई दिल्ली। अब्राहम डिविलियर्स (ab devilliers) (नाबाद 55 रन, 22 गेंद, 6 छक्के, 1 चौका) ने एक बार फिर बेहतरीन पारी खेली और शनिवार को दुबई इंटरनेशनल स्टेडियम में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (Royal Challengers Bangalore) को इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के 13वें सीजन (IPL 13) में राजस्थान रॉयल्स (rajasthan royals) के खिलाफ रोमांचक मुकाबले में सात विकेट से जीत दिला दी।
बेंगलुरु तीसरे स्थान पर पहुंचा
राजस्थान ने पहले बल्लेबाजी करने वाली कप्तान स्टीव स्मिथ (57 रन, 36 गेंद, 6 चौके, 1 छक्का) और रॉबिन उथप्पा (41 रन, 22 गेंद, 7 चौके, 1 छक्का) की मदद से 20 ओवरों में छह विकेट खोकर 177 रनों का अच्छा स्कोर खड़ा किया। बेंगलुरु ने डिविलियर्स की आखिरी ओवरों में तूफानी पारी के दम पर इस लक्ष्य को 19.4 ओवरों में तीन विकेट खोकर हासिल कर लिया। बेंगलुरु की नौ मैचों में यह छठी जीत है और वह 12 अंक के साथ तालिका में तीसरे नंबर पर है जबकि राजस्थान को इतने ही मैचों में छठी हार का सामना करना पड़ा है।
फिर चला कोहली का बल्ला
एरॉन फिंच (14) और देवदत्त पडिकल (35) से टीम को तेज शुरूआत चाहिए थी। दोनों खिलाड़ी जिस तरह की फॉर्म में हैं उसे देखते हुए इसकी उम्मीद भी ज्यादा थी। फिंच हालांकि श्रेयस गोपाल की गेंद पर उथप्पा के हाथों लपके गए और बेंगलुरु ने 23 के कुल स्कोर पर अपना पहला विकेट खो दिया। फिंच के बाद उतरे इन-फॉर्म कप्तान विराट कोहली (43) पडिकल के साथ मिलकर राजस्थान के बल्लेबाजों को दबाव में डालना शुरू किया। शुरू में समय लेने के बाद कोहली ने अपने शॉट्स लेने शुरू किए। इन दोनों की साझेदारी के दम पर बेंगलुरु का स्कोर 10 ओवरों में एक विकेट पर 77 रन हो गया।
दूसरे विकेट के लिए जोड़े 79 रन
पडिकल और कोहली टीम को 100 के पार भी ले गए। 102 के कुल स्कोर पर राहुल तेवतिया और कार्तिक त्यागी ने क्रमश: पडिकल और कोहली को आउट कर दिया। कोहली-पडिकल ने दूसरे विकेट के लिए 79 रनों की साझेदारी की। कोहली ने 32 गेंदों की पारी में एक चौका और दो छक्के मारे। पडिकल ने 37 गेंदें खेली और दो चौके लगाए। चार ओवरों में बेंगलुरु को जीतने के लिए 54 रनों की दरकार थी। क्रीज पर थे डिविलियर्स और उनके साथ गुरकीरत मान (नाबाद 19)। दोनों ने कोशिशें जारी रखी और टीम को धीरे-धीरे लक्ष्य के पास ले जाने लगे।
डिविलियर्स ने जड़े लगातार तीन छक्के
आखिरी दो ओवरों में अब बेंगलुरु को 35 रनों की जरूरत थी। 19वें ओवर लेकर आए जयदेव उनादकट पर डिविलियर्स ने शुरुआती तीन गेंदों पर तीन छक्के मार मैच का रुख बेंगलुरु की तरफ कर दिया। आखिरी ओवर में अब राजस्थान को 10 रनों का बचाव करना था। यह ओवर फेंका जोफ्रा आर्चर ने जो डिविलियर्स के सामने विफल रहे।
Updated on:
18 Oct 2020, 8:45 AM IST
Published on:
18 Oct 2020, 7:52 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.