
भारतीय टीम के उभरते सितारे रिंकू सिंह ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पहले दो टी20 मुकाबलों में बेहतरीन फिनिशर की भूमिका अदा की है। आईपीएल 2023 में केकेआर को अपनी बल्लेबाजी के दम पर अकेले ही मैच जिताने वाले रिंकू सिंह मौजूदा सीरीज में भी जमकर धमाल मचा रहे हैं। स्थिति चाहे जैसी भी हो, वह निडरता का परिचय देते हुए अंत में आकर टीम की नैया पार लगा ही देते हैं। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ उन्होंने पहले टी20 में नाबाद 22 रनों की पारी खेलकर जीत दिलाई थी, वहीं दूसरे मैच में सिर्फ 9 गेंदों पर 31 रन जड़कर भारत को मजबूत स्थिति में पहुंचाया। रिंकू सिंह ने खुद बताया कि उनका टीम में क्या रोल है और इसके लिए वह क्या कर रहे हैं?
रिंकू सिंह ने बताया कि वह कुछ समय से 5 या 6 नंबर पर खेल रहे हैं। इसलिए वह हमेशा शांत और ध्यान केंद्रित करने का प्रयास करते हैं। वह गेंद को उसकी योग्यता के हिसाब से खेल रहे हैं। वह पहले गेंद को देखते हैं और फिर उसके अनुसार खेलते हैं। रिंकू ने सूर्यकुमार यादव की कप्तानी को लेकर कहा कि सूर्या वास्तव में अच्छे हैं, हम युवा इस सेटअप का लुत्फ उठा रहे हैं।
फिनिशिंग स्किल्स पर कर रहे काम
रिंकू सिंह ने टीम इंडिया में अपनी भूमिका को लेकर कहा कि टीम में मेरा रोल सिर्फ अंतिम 5 ओवर में बल्लेबाजी करने का है। इसलिए वह उसी फिनिशिंग स्किल्स पर काम कर रहे हैं। वह नेट पर अभ्यास के दौरान भी सिर्फ इसी मानसिकता के साथ खेलते हैं।
मैच का हाल
बता दें कि ऑस्ट्रेलिया ने दूसरे टी20 में टॉस जीतकर भारत को पहले बल्लेबाजी का न्योता दिया था। भारतीय टीम ने इस मौके दोनों हाथों से भुनाया। भारत के लिए यशस्वी जायसवाल और ऋतुराज गायकवाड़ और ईशान किशन ने अर्धशतकीय पारियां खेलींं। इसके बाद सूर्यकुमार यादव और रिंकू सिंह ने स्कोर को 235 पर पहुंचाया। इसके जवाब में ऑस्ट्रेलिया की टीम निर्धारित 20 ओवरों में 9 विकेट गंवाकर 191 ही रन बना सकी।
Published on:
27 Nov 2023, 1:16 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.