
न्यूजीलैंड से घरेलू टेस्ट सीरीज में मिली हार के बाद कप्तान रोहित शर्मा का पांच दिवसीय प्रारूप में भविष्य अधर में दिख रहा है। सूत्रों के मुताबिक भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) अब टेस्ट क्रिकेट में रोहित शर्मा का विकल्प तलाशने में जुट गया है। इसकी सबसे बड़ी वजह रोहित शर्मा की बढ़ती उम्र और टेस्ट क्रिकेट में खराब फॉर्म है। बीसीसीआई का मानना है कि अब वक्त आ गया है, जब टेस्ट टीम की कमान किसी और के हाथ में दी जाए।
भारतीय टीम को 22 नवंबर से ऑस्ट्रेलिया दौरे पर पांच टेस्ट मैचों की बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी खेलनी है। इस सीरीज पर रोहित शर्मा का टेस्ट भविष्य टिका हुआ है। यदि भारतीय टीम इस सीरीज में जीत हासिल करती है और रोहित का बल्ला चलता है तो वह कुछ समय के लिए टेस्ट कप्तान बने रह सकते हैं। वहीं, यदि भारतीय टीम यह सीरीज हारती है तो रोहित का कप्तानी से हटना तय है।
सूत्रों के मुताबिक, यदि रोहित शर्मा बतौर कप्तान और बल्लेबाज ऑस्ट्रेलिया दौरे पर फेल होते हैं तो वह संभवत: टेस्ट क्रिकेट से संन्यास भी ले सकते हैं। सूत्रों के मुताबिक, न्यूजीलैंड के खिलाफ मिली हार से रोहित काफी निराश हैं। वह ना सिर्फ अपनी कप्तानी, बल्कि टेस्ट क्रिकेट करियर के बारे में भी गंभीरता से सोच रहे हैं। ऑस्ट्रेलिया दौरे के बाद कई बड़े बदलाव टेस्ट टीम में देखने को मिल सकते हैं।
रोहित की उम्र 37 साल है और भारत को ऑस्ट्रेलिया के बाद अगली टेस्ट सीरीज जून 2025 में इंग्लैंड के खिलाफ खेलनी है। उस समय रोहित 38 साल के है जाएंगे। ऐसे में बीसीसीआई चाहता है कि अब कमान ऐसे खिलाड़ी को मिले, जो लंबे समय तक टेस्ट कप्तानी संभाल सकें।
21 : टेस्ट में रोहित ने भारत के लिए कप्तानी की
12 : टेस्ट भारत ने जीते, 07 हारे और 02 ड्रॉ रहे
64 : टेस्ट मैच कुल खेले और 4270 रन बनाए
12 : शतक और 18 अर्धशतक टेस्ट में कुल जड़े
यह भी पढ़ें: भारत की घरेलू टेस्ट सीरीज में 6 सबसे बड़ी हार
38 टेस्ट में 6 शतक के साथ 2639 रन बनाने वाले 27 वर्षीय विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत रोहित शर्मा के बाद टेस्ट कप्तानी की होड़ में सबसे आगे है। वह शानदार फॉर्म में चल रहे हैं और उनका रिकॉर्ड शानदार है। वह टेस्ट टीम के नियमित सदस्य हैं और लंबे समय तक टीम की कप्तानी कर सकते हैं।
न्यूजीलैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज में 30 वर्षीय जसप्रीत बुमराह उपकप्तान थे, लेकिन तीसरे टेस्ट में उन्हें आराम दिया गया। बुमराह के साथ सबसे बड़ी समस्या उनकी फिटनेस है। हालांकि अगर ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पहले टेस्ट में निजी कारणों से रोहित शर्मा नहीं खेलते हैं तो बुमराह ही टीम की कमान संभालेंगे। वह पहले एक टेस्ट में कप्तानी कर चुके हैं। उन्होंने अब तक 40 टेस्ट में 173 विकेट लिए हैं।
भारत के लिए तीन टेस्ट में कप्तानी करने वाले केएल राहुल एक बार फिर कप्तानी के दावेदार में हैं। हालांकि राहुल के लिए सबसे बड़ी समस्या उनकी खराब फॉर्म है और इस वजह से वह टीम में अभी तक अपनी जगह पक्की नहीं कर सके हैं। 32 वर्षीय इस खिलाड़ी ने अब तक 53 टेस्ट में 8 शतक के साथ 2981 रन बनाए हैं।
Updated on:
6 Nov 2024, 7:58 AM IST
Published on:
6 Nov 2024, 7:58 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.