165 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी इंग्लैंड की शुरुआत काफी अच्छी रही। इंग्लैंड ने भी साउथ अफ्रीका की तरह बिना कोई विकेट गंवाए 50 रन का स्कोर पार किया, लेकिन 53 रन पर इंग्लैंड को पहला झटका सोफिया डंकले के रूप में लगा। डंकले महज 16 गेंदों पर 28 रन बनाकर आउट हुईं। इसके बाद 53 पर ही इंग्लिश टीम का दूसरा विकेट एलिस कैप्से के रूप में गिरा। वह खाता तक नहीं खोल सकीं।
लगी विकेटों की झड़ी
इंग्लैंड को तीसरा झटका डेनियल वॉट के रूप में लगा। वह 30 गेंदों पर 34 रन बनाकर आउट हुईं। इसके बाद इंग्लैंड को चौथा विकेट नैट शिवर के रूप में 132 के स्कोर पर लगा। वह 34 गेंदों पर 40 रन बनाकर पवेलियन लौटीं। इसके बाद इंग्लैंड के विकेटों की ऐसी झड़ी लगी कि 153 रन पर आठ विकेट गिर गए। इस तर इंग्लैंड की टीम 20 ओवर में 158 रन ही बना सकी और 6 रन से हार गई।
दक्षिण अफ्रीका की शानदार शुरुआत
इससे पहले साउथ अफ्रीका की कप्तान सुने लूस ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का निर्णय लिया। 8 ओवर के बाद दक्षिण अफ्रीका ने बगैर विकेट गंवाए 50 रन बना लिए। इसके बाद साउथ अफ्रीका का पहला विकेट 96 रन के स्कोर पर वॉलवार्ट के रूप में गिरा, जो कि 44 गेंदों पर 53 रनों की शानदार पारी खेलकर आउट हुईं।
ब्रिट्स ने खेली शानदार पारी
दक्षिण अफ्रीका का दूसरा विकेट तेजमिन ब्रिट्स का गिरा। 142 के स्कोर पर ब्रिट्स 55 गेंदों पर 68 रन बनाकर पवेलियन लौटीं। इसके बाद 145 के स्कोर पर ट्रायन महज तीन रन बनाकर चलती बनीं तो 145 के स्कोर पर ही अफ्रीका को चौथा झटका क्लेर्क के रूप में लगा वह शून्य पर आउट हुईं। इस तरह साउथ अफ्रीका ने चार विकेट के नुकसान पर कुल 164 रन बनाए।