
तिलक वर्मा (Photo- ANI)
SA vs IND 3rd T20 Highlights: भारत और साउथ अफ्रीका के बीच बुधवार रात सेंचुरियन के सुपरस्पोर्ट पार्क में बेहद रोमांचक मुकाबला खेला गया। चार मैचों की सीरीज के इस तीसरे टी20 मुकाबले में भारत ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 11 रन से जीत दर्ज की। भारत ने इस जीत के साथ ही सीरीज में 2-1 की अजेय बढ़त बना ली है। इस मैच की जीत के हीरो तिलक वर्मा रहे, जिन्होंने 51 गेंदों में शतक जड़कर सुरेश रैना के 14 साल पुराने रिकॉर्ड को तोड़ दिया। तिलक वर्मा को बल्लेबाजी क्रम में पदोन्नत किया गया। वह मैच के पहले ही ओवर में मार्को यानसेन द्वारा संजू सैमसन को शून्य पर आउट करने के बाद तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए उतरे।
एडेन मार्कराम ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। शुरुआती झटके के बावजूद तिलक ने आक्रामक रुख अपनाया और अभिषेक शर्मा ने उनका बखूबी साथ दिया। दोनों ने तीसरे विकेट के लिए सिर्फ 50 गेंदों में 107 रनों की साझेदारी की। अभिषेक 20 गेंदों में तेजी से अर्धशतक बनाने के बाद आउट हो गए। तिलक ने 32 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया। हालांकि सूर्यकुमार यादव, हार्दिक पांड्या और रिंकू सिंह बिना कोई खास प्रभाव डाले जल्दी आउट हो गए, लेकिन तिलक ने अपना आक्रामक खेल जारी रखा और भारत 219 रन के विशाल स्कोर तक पहुंचाया। डेब्यूटेंट रमनदीप सिंह ने छह गेंदों में 15 रन की शानदार पारी खेली। तिलक 56 गेंदों में 107 रनों की शानदार पारी खेलकर नाबाद रहे।
तिलक दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ टी20 अंतरराष्ट्रीय शतक बनाने वाले इतिहास के सबसे कम उम्र के खिलाड़ी बन गए। इससे पहले भारत के सुरेश रैना के नाम यह रिकॉर्ड था, जिन्होंने 2010 के टी20 विश्व कप में यह उपलब्धि हासिल की थी।
तिलक वर्मा (भारत) - 22 वर्ष, 4 दिन (2024 सेंचुरियन)
सुरेश रैना (भारत) - 23 वर्ष, 156 दिन (2010 ग्रॉस आइलेट)
मैटिन गुप्टिल (न्यूजीलैंड) - 26 वर्ष, 84 दिन (2012 ईस्ट लंदन)
बाबर आज़म (पाकिस्तान) 26 वर्ष, 181 दिन (2021 सेंचुरियन)
क्रिस गेल (वेस्टइंडीज) - 27 वर्ष, 355 दिन (2007 जोहान्सबर्ग)
तिलक टी20 शतक बनाने वाले दूसरे सबसे युवा भारतीय (22 वर्ष, 4 दिन) भी हैं, उनसे पहले यशस्वी जायसवाल (21 वर्ष, 279 दिन) हैं, जिन्होंने पिछले साल 2023 एशियाई खेलों में नेपाल के विरुद्ध रिकॉर्ड बनाया था। तिलक और जायसवाल 23वें जन्मदिन से पहले टी20 अंतरराष्ट्रीय शतक बनाने वाले एकमात्र भारतीय हैं। शुभमन गिल (23 वर्ष, 146 दिन), सुरेश रैना (23 वर्ष, 156 दिन) और अभिषेक शर्मा (23 वर्ष, 307 दिन) इस सूची में अगले स्थान पर हैं।
Updated on:
5 Jul 2025, 4:20 PM IST
Published on:
14 Nov 2024, 8:04 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.