13 अप्रैल 2026,

सोमवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

U19 WC: फाइनल से पहले भारत के दो कप्तानों को भरोसा, भारत जरुर जीतेगा अंडर-19 वर्ल्ड कप

भारतीय टीम के पूर्व कप्तान सौरभ गांगुली का मानना है कि अंडर 19 विश्व कप में भारत फाइनल मैच जीतेगा। जानें उन वजहों को जिस पर गांगुली को भरोसा है।

2 min read
Google source verification
ICC UNDER 19 WC

नई दिल्ली। अंडर 19 क्रिकेट विश्व कप का फाइनल मैच भारत और आस्ट्रेलिया के बीच खेला जाना है। इस मैच से पहले टीम इंडिया के दो दिग्गज कप्तानों का कहना है कि भारत यह मैच जरुर जीतेगा। बुधवार को सौरभ गांगुली ने कोलकाता में जबकि मौजूदा कप्तान विराट कोहली ने डरबन में भारत के जीत की उम्मीद जताई। भारतीय टीम के पूर्व कप्तान सौरव गांगुली ने कहा कि भारत आईसीसी अंडर-19 विश्व कप के फाइनल में आस्ट्रेलिया को हराकर खिताब अपने नाम करेगा। भारत ने मंगलवार को चिर-प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान को सेमीफाइनल में 203 रनों से मात देते हुए फाइनल में जगह बनाई थी जहां उसकी भिड़ंत आस्ट्रेलिया से होनी है। गांगुली ने क्रिकेट ईयर बुक की 20वीं सालगिरह पर आयोजित कार्यक्रम से इतर संवाददाताओं से कहा कि भारत अंडर-19 विश्व कप जीतेगा। गांगुली ने कहा कि शुभमन गिल, कमलेश नागरकोटी, शिवम मावी, ईशान पोरेल के पास शानदार प्रतिभा है।

विराट कोहली को भी है जीत का भरोसा

विराट कोहली ने भारत की अंडर 19 क्रिकेट टीम को वर्ल्ड कप फाइनल के पहले बेस्ट विशेज (शुभकामनाएं) दी हैं। कोहली ने कहा कि 2008 में वो अंडर 19 के कप्तान थे और तब उनकी टीम वर्ल्ड कप फाइनल जीता था। टीम इंडिया के इस स्टार बैट्समैन ने कहा- आज जो हमारी अंडर 19 टीम है, वो 2008 की मेरी तब की टीम से भी बेहतर है। मुझे पूरा यकीन की ये टीम शनिवार को होने वाले फाइनल में ऑस्ट्रेलिया से जरूर जीतेगी।

अगले 5 साल बाद भारत विश्व की होगी सर्वश्रेष्ठ टीम
इस कार्यक्रम में पूर्व कप्तान सौरभ गांगुली ने कहा कि भारतीय क्रिकेट का तंत्र इतना मजबूत है कि एक ढांचा बना है और इस ढांचे के बिना आप कुछ भी नहीं कर सकते। यह खिलाड़ी भारतीय क्रिकेट के इसी ढांचे से निकले हैं। अगले पांच वर्षो में भारतीय क्रिकेट आस्ट्रेलिया और इंग्लैंड को पछाड़कर विश्व में सर्वश्रेष्ठ हो जाएगी।

आईपीएल पर भी बोले गांगुली
बाएं हाथ के पूर्व बल्लेबाज ने कहा कि हमारा आधारभूत ढांचा व तंत्र काफी अच्छा है। इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) को लेकर दीवानगी काफी शानदार है। दर्शक दीवानगी में स्टेडियम को पूरा भर देते हैं। लोगों का समर्थन इसे आगे ले जाएगा।

पहले मैच में हरा चुकी है भारतीय टीम
टूर्नामेंट के पहले मैच में भारत ने आस्ट्रेलिया को 100 रनों की करारी मात दी थी। गांगुली ने कहा कि मुझे उम्मीद है कि मुख्य कोच राहुल द्रविड़ के मार्गदर्शन में वे जीतेंगे। वे अभी तक हर मैच आसानी से जीते हैं। उन्होंने आस्ट्रेलिया को 100 रनों से ज्यादा से हराया था। उम्मीद है कि फाइनल में भी वह यही करेंगे।

ईशान पेरोल विजन 2020 से उभरे
गांगुली से जब सेमीफाइनल में पाकिस्तान के खिलाफ महज 17 रन देकर चार विकेट लेने वाले बंगाल के तेज गेंदबाज ईशान पोरेल के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा कि वह बंगाल क्रिकेट संघ के विजन 2020 से निकले हुए खिलाड़ी हैं। वह बाली (कोलकाता का बाहरी इलाका) में रहते हैं और वहां से उन्होंने हमारा दामन थामा।