
नई दिल्ली। क्रिकेट की दुनिया में भारत और पाकिस्तान के अलावा और भी ऐसी टीमें हैं जो सम्मान की लड़ाई में एड़ी-चोटी का ज़ोर लगा देती हैं। वैसे भारत-पाकिस्तान सिर्फ क्रिकेट में ही नहीं बल्कि सभी खेलों में चिर-प्रतिद्वंद्वी हैं। जो सभी प्रकार के खेलों में जीत के लिए पूरी जान झोंक देते हैं। लेकिन क्रिकेट में इन दोनों देशों के अलावा दो और ऐसे देश हैं जो सम्मान के लिए दूसरी टीम को हराने के लिए पूरा दम-खम लगा देते हैं।
जी हां हम बात कर रहे हैं एशेज की, जहां इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया सम्मान की इस लड़ाई में कैसे भी करके जीतकर आगे निकलने की होड़ में रहती है। सम्मान की इसी लड़ाई के लिए खेले जा रहे एशेज के दूसरे मैच में माहौल बदल चुका है। बता दें कि सीरीज़ का दूसरा मैच डे-नाइट है, लिहाज़ा गुलाबी बॉल से मैच खेला जा रहा है। सीरीज़ के दूसरे मैच में गुलाबी गेंद ने अपना कमाल भी दिखाना शुरु कर दिया। पिंक कलर की इस बॉल से खेले जा रहे इस मैच में बल्लेबाजों और गेंदबाजों के बीच बेहतरीन संघर्ष देखने को मिला।
दूसरे टेस्ट के पहले दिन इंग्लैंड के गेंदबाज जहां चार विकेट चटकाने में सफल रहे। तो वहीं दूसरी ओर ऑस्ट्रेलिया के बल्लेबाजों ने भी 200 रन का आंकड़ा पार किया। पहले दिन का खेल खत्म होने तक आस्ट्रेलिया ने चार विकेट पर 209 रन बना लिए है। ऑस्ट्रेलिया की तरफ से उस्मान ख्वाजा ने 44 रन पर मिले जीवनदान का फायदा उठाते हुए अपना अर्धशतक पूरा किया। हालांकि ख्वाजा अपनी पारी को ज्यादा लंबा नहीं ले जा सके और 53 रन बनाकर आउट हो गए।
ख्वाजा के बाद कंगारू टीम की ओर से डेविड वॉर्नर ने 47 रनों की पारी खेली। इसके अलावा कप्तान स्टीव स्मिथ ने 40 रनों की पारी खेली। ऑस्ट्रेलिया की सारी उम्मीदें अब पीटर हैंन्डकॉम्ब और शॉन मार्श पर टिकी हुई है। पीटर हैंन्डकॉम्ब (36) और शॉन मार्श (20) बनाकर खेल रहे हैं। ऐसे में इन दोनों से ऑस्ट्रलियाई कप्तान को बड़ी उम्मीदें होंगी। वहीं इंग्लैंड के गेंदबाजों ने दमदार प्रदर्शन करते हुए ऑस्ट्रलिया के किसी भी बल्लेबाज को हाथ खोलने का मौका नहीं दिया। इंग्लैंड की तरफ से जेम्स एंडरसन, क्रिस वोक्स और क्रेग ओवरटन ने एक-एक सफलता हासिल की। जबकि एक बल्लेबाजा रन आउट हुआ।
Published on:
2 Dec 2017, 7:38 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.