
भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने इंग्लैंड को हराकर इतिहास रच दिया है। इस जीत के साथ टीम को बड़ा झटका भी लगा है। भारत के लिए टेस्ट डेब्यू करने वाली बाएं हाथ की शीर्ष क्रम की युवा स्टार बल्लेबाज शुभा सतीश उंगली टूटने के कारण टीम से बाहर हो गई है। भारत की पहली पारी में 428 रन के स्कोर में सर्वाधिक 69 रन का योगदान देने वाली शुभा दूसरी पारी में बल्लेबाजी नहीं कर सकी थीं। अब बताया जा रहा है कि उन्हें इलाज और पुनर्वास के लिए उन्हें ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेले जाने वाले आगामी टेस्ट से हटा दिया गया है।
बीसीसीआई ने आज शनिवार सुबह ही इस खबर की पुष्टि की है कि शुभा सतीश की उंगली में फ्रेक्चर हो गया है और वह टीम इंडिया से बाहर हो गई हैं। हालांकि अभी तक ये नहीं बताया गया है कि शुभा को चोट आखिर कैसे लगी और वह कितने समय तक मैदान से बाहर रहेंगी। मध्यम गति से गेंदबाजी करने वाली 24 वर्षीय ऑलराउंडर का ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ भारत के अगले टेस्ट और उसके बाद वनडे और टी20 सीरीज में खेलना भी मुश्किल है।
21 दिसंबर से ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ एकमात्र टेस्ट
दरअसल, भारत और ऑस्ट्रेलिया की महिला टीम 21 दिसंबर को वानखेड़े स्टेडियम में एकमात्र टेस्ट खेलने उतरेंगी। इस टेस्ट को शुरू होने में अब सिर्फ पांच दिन का समय शेष है। ऐसे में एक सप्ताह के भीतर टूटी हुई उंगली से उबरने की संभावना नहीं है।
टूटा ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेलने का सपना
यह युवा महिला बल्लेबाज के लिए ये बड़ा झटका है, क्योंकि उन्होंने 6-7 साल तक घरेलू क्रिकेट खेलने के बाद भारतीय टीम में जगह बनाई थी। उन्होंने इंग्लैंड के खिलाफ पहली पारी में अच्छा प्रदर्शन किया था और वह महिला क्रिकेट की सबसे मजबूत टीम ऑस्ट्रेलिया से खेलने को लेकर उत्सुक थीं।
Published on:
16 Dec 2023, 3:05 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.