
मैच के बाद एक-दूसरे से हाथ मिलाते श्रीलंका और पाकिस्तान के खिलाड़ी। (फाइल फोटो सोर्स: IANS)
Pakistan vs Sri Lanka 2nd T20I: पाकिस्तान और श्रीलंका के बीच रावलपिंडी में जारी तीन टी20 इंटरनेशनल मैचों की सीरीज में मेजबान टीम ने शुरुआती मुकाबला 4 विकेट से जीतकर 1-0 से बढ़त बना रखी है। अब उसकी नजर रविवार 11 अक्टूबर को खेले जाने वाले मैच को जीतकर सीरीज पर कब्जा करने पर होगी। वहीं, श्रीलंकाई टीम भी इस मुकाबले को जीतकर सीरीज में वापसी करना चाहेगी। अगर, वह जीत दर्ज करने में सफल हो जाती है, तो न केवल सीरीज में 1-1 की बराबरी कर लेगी, बल्कि पाकिस्तान में पाकिस्तान के खिलाफ सबसे ज्यादा टी20 इंटरनेशनल मुकाबले जीतने वाली टीम भी बन जाएगी।
टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट के इतिहास में अब तक पाकिस्तान में किसी भी टीम ने पाकिस्तान को पांच बार नहीं हराया है। श्रीलंका ने ऐसा चार बार कर चुकी है। उसके पास ऐसा करने वाली पहली टीम बनने का मौका है। बता दें कि श्रीलंका ने इसकी शुरुआत 2019 में की थी, जब उसने पाकिस्तान को उसके घर में घुसकर तीन मैचों की टी20 सीरीज में 3-0 से सूपड़ा साफ किया था। इसके बाद श्रीलंका ने चौथी बार उसे ट्राई सीरीज में नवंबर 2025 में हराया था, जिसमें जिम्बाब्वे तीसरी टीम थी।
मौजूदा सीरीज के पहले मैच की बात करें तो श्रीलंका ने निर्धारित 20 ओवर में 8 विकेट के नुकसान पर 182 रन बनाए। लाहिरू उदारा ने ताबड़तोड़ अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए 55 गेंदों पर 11 चौके औऱ एक छक्के की मदद से 91 रनों की तूफानी पारी खेली। कामिंदु मेंडिस ने 23 रन, दशुन शनाका ने 15 गेंदों पर 18 रन बनाए। पाकिस्तान की ओर से नसीम शाह ने 4 ओवर में 36 रन देकर 3 विकेट हासिल किए। वहीं, मोहम्मद इमरान रंधावा ने 21 रन देकर 2 विकेट लिया। शादाब खान और सैम अयूब ने एक-एक विकेट चटकाया।
183 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी पाकिस्तान को साहिबजादा फरहान और फखर जमां ने पहले विकेट के लिए 54 रन की साझेदारी कर शानदार शुरुआत दिलाई। फखर 13 गेंदों पर 21 रन बनाकर आउट हुए। फरहान माज सदाकत के साथ दूसरे विकेट के लिए 52 गेंदों पर 92 रनों की तेज साझेदारी की। सदाकत ने 29 गेंदों पर 50 रन बनाए।
वहीं, कप्तान फरहान अपने शतक से चूक गए और 53 गेंदों में 89 रन बनाकर आउट हुए। हसन नवाज सिर्फ एक रन, सैम अयूब 8 रन और शादाब खान बिना खाता खोले आउट हुए। ख्वाजा नफे नाबाद 12 रन बनाते हुए टीम को जिताकर पवेलियन लौटे। श्रीलंका की ओर से ईशान मलिंगा ने 33 रन देकर 2 विकेट चटकाए, जबकि महेश तीक्षणा ने भी दो विकेट लिए।
Updated on:
11 Oct 2026 02:59 pm
Published on:
11 Oct 2026 02:59 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
