
मैदान पर घटी ऐसी अप्रिय घटना, मंगानी पड़ी एम्बुलेंस, स्ट्रेचर पर लद कर गया श्रीलंकाई ओपनर
नई दिल्ली। श्रीलंका और वेस्ट इंडीज के बीच हो रहे डे-नाइट टेस्ट मैच में श्रीलंका के ऊपरी क्रम के बल्लेबाज कुशल जनिथ परेरा फील्डिंग के दौरान बुरी तरह चोटिल हो गए और उनको एम्बुलेंस में स्ट्रेचर पर लाद कर ले जाया गया। खबर आई है कि वह खतरे से बाहर हैं, जल्द ही यह फैसला लिया जाएगा कि वह बल्लेबाजी करने उतरेंगे या नहीं। हलाकि अपने शानदार गेंदबाजों कप्तान सुरंगा लकमल (3/25), कासुन रजीथा (3/20) की गेंदबाजी के दम पर वेस्टइंडीज की दूसरी पारी 93 रनों पर समेटने के बाद श्रीलंका को तीसरे टेस्ट मैच में जीत के लिए केवल 63 रनों की दरकार है। श्रीलंका ने अपनी दूसरी पारी में पांच विकेट के नुकसान पर 81 रन बना लिए हैं। कुसल मेंडिस (25) और दिलरुवान परेरा (1) नाबाद हैं।
कैसे चोटिल हुए कुसल परेरा
कुसल परेरा बाउंड्री पर फील्डिंग कर रहे थे, दिलरुवान परेरा की गेंद को गेब्रियल ने हवा में उठा के लॉन्ग-ऑन की ओर मारा कुसल गेंद कैच करने के चक्कर में बाउंड्री के पार चले गए और होर्डिंग से जा भिड़े। फील्डर का चेहरा और पसली होर्डिंग से जोर से टकराई। चोट इतनी अधिक आयी कि वह मिनटों तक हिल भी नहीं सके। इसके बाद सपोर्ट स्टाफ आया और उनको तुरंत मेडिकल ट्रीटमेंट दिया गया। इसके बाद एम्बुलेंस बुलाई गई और उनको स्ट्रेचर पर लादकर ले जाना पड़ा। श्रीलंका क्रिकेट ने ट्विटर पर जानकारी दी है कि वह अब खतरे से बाहर हैं।
सस्ते में आउट हुई वेस्ट इंडीज की टीम
श्रीलंका ने अपनी पहली पारी में 154 रन बनाए थे। इसके बाद अपनी दूसरी पारी खेलने उतरी वेस्टइंडीज को टीम ने 100 के स्कोर के पार भी नहीं जाने दिया। वेस्टइंडीज के लिए केमार रोच ने सबसे अधिक 23 रन बनाए। इसके अलावा, टीम का कोई भी बल्लेबाज खास कमाल नहीं कर पाया और टीम की पारी 93 रनों पर ही सिमट गई। इस पारी में श्रीलंका के लिए लकमल और रजीथा के अलावा, लाहिरु कुमारा ने दो विकेट लिए, वहीं परेरा ने एक सफलता हासिल की। शेनन गेब्रिएल रन आउट हुए।
होल्डर ने 4 विकेट झटक श्रीलंका को मुश्किल में डाला
अपनी दूसरी पारी खेलने उतरी श्रीलंका ने 50 के स्कोर तक पहुंचने पर ही महेला उद्वाते (0), दानुश्का गुनाथीलका (21), धनंजय डी सिल्वा (17) और रोशेन सिल्वा (1) के रूप में अपने चार विकेट गंवा दिए। तीन बल्लेबाजों को जेसन होल्डर और एक बल्लेबाज को रोच ने पवेलियन का रास्ता दिखाया। मेंडिस ने इसके बाद निरोशन डिकवेला (6) के साथ मिलकर 24 रन जोड़े और टीम का स्कोर 74 तक पहुंचाया। इसी स्कोर पर होल्डर ने निरोशन को भी बोल्ड कर पवेलियन भेज दिया। निरोशन के आउट होने के बाद दिन का खेल समाप्त होने तक मेंडिस ने दिलरुवान के साथ मिलकर बिना कोई विकेट गंवाए सात रन जोड़े और टीम को 81 के स्कोर तक पहुंचाया। श्रीलंका अगर इस मैच को जीत लेती है, तो वह तीन मैचों की टेस्ट सीरीज को 1-1 से बराबर कर लेगी। पहले टेस्ट मैच में वेस्टइंडीज ने जीत हासिल की थी, वहीं दूसरा मैच ड्रॉ हुआ था।
Published on:
26 Jun 2018 02:08 pm
बड़ी खबरें
View Allक्रिकेट
खेल
ट्रेंडिंग
