
नई दिल्ली। श्रीलंका क्रिेकेट टीम अभी अपने सबसे बुरे दौर से गुजर रही है। भारत के हाथों क्लीन स्वीप की हार झेलने के बाद पाकिस्तान के साथ खेलने दुबई पहुंची श्रीलंका की टीम को पहले वन-डे मैच में हार झेलनी पड़ी। पांच एकदिवसीय मैचों की सीरीज के पहले मुकाबले में मिली यह हार श्रीलंका की लगातार आठवीं हार है। दुबई में खेले गए इस मैच के हीरो पाकिस्तान के बाबर आजम रहे। आजम ने शानदार शातकीय पारी खेली। उसके बाद गेंदबाजों की कसी हुई गेंदबाजी के सामने लंका के बल्लेबाज ज्यादा देर तक टिक नहीं सके। लंका यह मैच 83 रनों से हार गई।
बाबर आजम ने जड़ा शतक
पाकिस्तान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 50 ओवरों में छह विकेट के नुकसान पर 292 रन बनाए थे। पाकिस्तान की ओर से बाबर आजम ने शानदार 103 रनों की पारी खेली। आजम ने 131 गेंदों में पांच चौकों की मदद से 103 रनों की पारी खेली। पाकिस्तान के लिए आजम के अलावा शोएब मलिक ने 81 रनों की पारी खेली। मलिक ने 61 गेंदों में पांच चौके और दो छक्कों की मदद से तेज तरार्र पारी खेली। बाबर 49वें ओवर की दूसरी गेंद पर आउट हुए। लक्ष्य का बचाव करते हुए पाकिस्तान अपने तेज गेंदबाज रूमान रइस (49-3) और हसन अली (36-3) के बेहतरीन प्रदर्शन के दम पर पाकिस्तान ने श्रीलंका को पहले वनडे में 83 रनों से हरा दिया।
ऐसी रही श्रीलंका की पारी
चुनौतीपूर्ण लक्ष्य का पीछा करने उतरी श्रीलंका को निरोशन डिकवेला (19) और कप्तान उपुर थरंगा (18) अच्छी शुरुआत नहीं दे पाए। डिकवेला 30 के कुल स्कोर पर रइस का शिकार बने। शुरुआती ओवरों में ही पहला विकेट गिर जाने के बाद श्रीलंकाई टीम संभल नहीं पाई और लगातार विकेट खोती रही। 132 के कुल स्कोर तक उसने सात विकेट खो दिए थे और उसके सभी प्रमुख बल्लेबाज पवेलियन में बैठ चुके थे। श्रीलंका की टीम के लिए सबसे ज्यादा 53 रन लाहिरू थिरिमाने ने बनाए। उनके अलावा अकिला धनंजय ने 50 रनों की पारी खेली। हसन अली ने 48वें ओवर की पांचवीं गेंद पर वेनडरसे को विकेट के पीछे कप्तान सरफराज अहमद को कैच आउट कराते हुए इस साझेदारी को तोड़ा। 72 गेंदों की पारी में पांच चौके लगाने वाले धनंजय नाबाद रहे।
Published on:
14 Oct 2017, 2:00 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.