
भारत की वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप की प्वाइंट्स टेबल में धमाकेदार एंट्री, ऑस्ट्रेलिया को पछाड़कर बना नंबर-1
WTC Points Table 2023-25 : भारत ने वेस्टइंडीज को डोमिनिका टेस्ट में पारी और 141 रनों से हराकर बड़ी जीत दर्ज की है और दो मैचों की सीरीज में 1-0 अजेय बढ़त बना ली है। इसके साथ ही टीम इंडिया ने रोहित शर्मा की अगुवाई में वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप की प्वाइंट्स टेबल में भी धमाकेदार एंट्री की। भारतीय टीम ने डब्ल्यूटीसी के तीसरे संस्करण के तहत खेले गए अपने पहले टेस्ट मुकाबले में वेस्टइंडीज को महज तीन दिन में ही बुरी तरह से हराया है। भारतीय टीम ने पहली जीत के साथ ही डब्ल्यूटीसी की प्वाइंट्स टेबल में पहले नंबर पर काबिज चैंपियन ऑस्ट्रेलिया को बड़ा झटका दिया है।
टीम इंडिया को वेस्टइंडीज के खिलाफ पहले टेस्ट में बड़ी जीत का फायदा वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप 2023-25 की प्वाइंट्स टेबल में देखने को मिला है। भारतीय टीम ने एक टेस्ट जीतते ही 100 प्रतिशत प्वाइंट्स हासिल कर ऑस्ट्रेलिया को दूसरे नंबर पर धकेल दिया है और खुद पहले स्थान पर काबिज हो गई है।
12 अंक के बावजूद नंबर वन बना भारत
ऑस्ट्रेलिया ने इंग्लैंड के खिलाफ मौजूदा एशेज सीरीज के शुरुआती दो टेस्ट जीते और तीसरे टेस्ट में उसे इंग्लैंड के हाथों हार का सामना करना पड़ा। इसका खामियाजा उसे जीत के प्रतिशत में भुगतना पड़ा है। ऑस्ट्रेलिया का 3 टेस्ट में जीत का प्रतिशत 61.11 है। वहीं, भारत का जीत प्रतिशत 100 फीसदी है। इस तरह टीम इंडिया 12 अंक के बावजूद पहले स्थान पर पहुंच गई तो ऑस्ट्रेलिया की टीम 22 अंक के बावजूद दूसरे नंबर पर लुढ़क गई है।
यह भी पढ़ें : भारत ने वेस्टइंडीज को पारी और 141 रनों से धोया, अश्विन ने फिर लगाई रेकॉर्ड की झड़ी
तीसरे पायदान पर इंग्लैंड
वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के मौजूदा संस्करण में इंग्लैंड की टीम तीसरे स्थान पर है। अब भारत और वेस्टइंडीज के बीच दो मैचों की सीरीज का दूसरा टेस्ट 20 जुलाई से खेला जाएगा। जबकि ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड के बीच एशेज सीरीज का चौथा मुकाबला 19 जुलाई से होगा।
यह भी पढ़ें : ईशान किशन पर आखिर क्यों भड़के कप्तान रोहित शर्मा, मैच के बाद किया खुलासा
Published on:
15 Jul 2023, 9:40 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.