
चीफ सेलेक्टर की दौड़ में कई बड़े नाम, विनोद कांबली समेत इन दिग्गजों ने किया आवेदन।
Team India New Chief Selector : आईसीसी टी20 वर्ल्ड में हारने के बाद बीसीसीआई ने चेतन शर्मा के नेतृत्व वाली चयन समिति को हटा दिया था। जिसके बाद नई चयन समिति गठित करने की प्रक्रिया शुरू की गई थी। अब हर किसी के मन में यही सवाल है कि भारतीय क्रिकेट टीम का अगला चीफ सेलेक्टर कौन होगा? बता दें कि नई चयन समिति के लिए आवेदन करने की अंतिम तिथि 28 नवंबर थी। चीफ सेलेक्टर की दौड़ में कई चौंकाने वाले नाम भी सामने आए हैं, जिन्होंने आवेदन कर दिया है। इनमें पूर्व क्रिकेटर विनोद कांबली के साथ कई बड़े नाम भी शामिल हैं।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, पूर्व सलामी बल्लेबाज शिव सुंदर दास के साथ ही बाएं हाथ के पूर्व स्पिनर मनिंदर सिंह ने भी भारतीय क्रिकेट बोर्ड के सीनियर सेलेक्टर्स के पद के लिए आवेदन किया है, जो भारत के लिए 20 से ज्यादा टेस्ट मैच खेलने का अनुभव रखते हैं। हालांकि अभी तक इस बात की पुष्टि नहीं हो सकी है कि भारत के पूर्व तेज गेंदबाज अजित अगरकर ने भी आवेदन किया है या फिर नहीं किया। क्योंकि अजित अगरकर अगर आवेदन करते हैं तो उनका चीफ सेलेक्टर बनना तय है। वहीं मुंबई की सीनियर टीम की वर्तमान चयन समिति के प्रमुख सलिल अंकोला के साथ ही पूर्व बल्लेबाज विनोद कांबली और पूर्व विकेटकीपर समीर दिघे ने मुंबई से आवेदन किया है।
50 से अधिक लोगों ने किया आवेदन
बता दें कि नई चयन समिति के लिए आवेदन की अंतिम तिथि 28 नवंबर सोमवार को शाम छह बजे तक थी। माना जा रहा है कि कई दिग्गजों समेत 50 से अधिक क्रिकेटरों ने चीफ सेलेक्टर पद के लिए आवेदन किया है। इनमें से सर्वाधिक 35 टेस्ट खेलने वाले मनिंदर सिंह और 21 टेस्ट खेलने वाले शिव सुंदर दास भी शामिल हैं।
यह भी पढ़े - मुझसे मालिश कराते थे, वसीम अकरम ने इस दिग्गज क्रिकेटर पर लगाए ये गंभीर आरोप
अलग-अलग जोन से दिग्गजों ने किए आवेदन
मनिंदर सिंह ने 2021 में भी आवेदन किया था, लेकिन इंटरव्यू राउंड में क्वालीफाई करने के बाद भी चयन नहीं हो सका था। उत्तर क्षेत्र से मनिंदर सिंह, अजय रात्रा, रीतिंदर सिंह सोढ़ी, अतुल वासन और निखिल चोपड़ा ने आवेदन किया है। जबकि पूर्वी क्षेत्र से शिव सुंदर दास, शुभमय दास, सौराशीष लाहिड़ी, प्रभंजन मलिक और रश्मि रंजन परीदा ने आवेदन किया है। वहीं मध्य क्षेत्र से ज्ञानेंद्र पांडे और अभय खुरासिया ने आवेदन किया है।
यह भी पढ़े -ऋतुराज ने खोला 1 ओवर में 7 छक्के जड़ने राज, बोले- धोनी का ये गुरु मंत्र आया काम
Published on:
29 Nov 2022, 1:13 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.