
नई दिल्ली। मैन आफ द मैच मोइन अली (71/4) और जेम्स एंडरसन तथा बेन स्टोक्स के दो-दो विकेटों की बदौलत इंग्लैंड ने यहां रोज बाउल स्टेडियम में चौथे टेस्ट मैच के चौथे दिन रविवार को भारत को 60 रन से हराकर पांच मैचों की टेस्ट सीरीज में 3-1 की अजेय बढ़त हासिल कर ली। भारत की इस हार का प्रमुख कारण भारत के ऊपरी क्रम के बल्लेबाज थे जोकि मैदान पर अपने पैर नहीं जमा सके और इसी कारण टीम इंडिया को यह मैच गंवाना पड़ा। टीम इंडिया के टॉप-3 बल्लेबाज लम्बे समय से चौथी इनिंग में फ्लॉप होते नजर आ रहे हैं। आइए इसका एक आकलन करते हैं।
चौथे टेस्ट में फेल टॉप-3 -
इंग्लैंड से मिले 245 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम ने 22 रन तक शिखर धवन (17), लोकेश राहुल (0) और चेतेश्वर पुजारा (5) का विकेट गंवा दिया था। अगर इन तीन में से कोई भी एक बल्लेबाज अर्धशतक लगा देता तो भारतीय मध्य क्रम के बल्लेबाजों को रनों का पीछा करने में आसानी होती।
टॉप-3 ने बनाए 12 परियों में 119 रन-
इस साल चौथी पारी में भारत के टॉप-3 बल्लेबाजों ने 9.91 की औसत से रन बनाए हैं। चार बार रनों का पीछा करते हुए- दो बार दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ और दो बार इंग्लैंड के खिलाफ भारतीय टॉप-3 बल्लेबाजों ने 12 पारियों में 119 रन बनाए हैं। इनमे से एक बार भी कोई बल्लेबाज 20 रनों का आकड़ा नहीं छू पाया है। इस टॉप-3 में केएल राहुल, शिखर धवन, मुरली विजय और चेतेश्वर पुजारा जैसे बल्लेबाज आते हैं।
इस साल 4 मैचों में टॉप-3 का चेस करते हुए प्रदर्शन-
1. दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ केप टाउन में: मुरली विजय 13, शिखर धवन 16 और चेतेश्वर पुजारा 4।
2. दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ सेंचुरियन में: मुरली विजय 9, केएल राहुल 4 और चेतेश्वर पुजारा 19।
3. इंग्लैंड के खिलाफ एजबैस्टन में: मुरली विजय 6, शिखर धवन 13 और लोकेश राहुल 13।
4. इंग्लैंड के खिलाफ साउथैम्पटन में: शिखर धवन 17, लोकेश राहुल 0 और चेतेश्वर पुजारा 5।
Published on:
3 Sep 2018, 11:43 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.