
विराट कोहली दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ दो टेस्ट मैचों की सीरीज शुरू होने से पहले टीम इंडिया से जुड़ गए हैं। पिछले दिनों विराट कोहली के फैमिली इमरजेंसी के कारण अचानक टीम का साथ छोड़कर लंदन जाने की बात सामने आई थी। इस कारण कोहली साउथ अफ्रीका के खिलाफ बॉक्सिंग डे टेस्ट से पहले तीन दिवसीय इंट्रा स्क्वॉड मैच भी नहीं खेल सके थे। अब जाकर उनकी लंदन ट्रिप को लेकर बड़ा खुलासा हुआ है। न्यूज18 की रिपोर्ट के मुताबिक कोहली फैमिली इमरजेंसी की वजह से लंदन नहीं गए थे, बल्कि ये ट्रिप पहले से प्लान्ड थी। इतना ही नहीं इस संबंध में बीसीसीआई और टीम मैनेजमेंट को भी जानकारी थी।
रिपोर्ट के मुताबिक, बीसीसीआई के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि ये पहले से ही तय था कि कोहली इंट्रा स्क्वॉड मैच नहीं खेलेंगे। टीम मैनेजमेंट को कोहली के प्लान और शेड्यूल की जानकारी पहले से थी। ये अचानक किसी फैमिली इमरजेंसी के कारण नहीं हुआ है। वे विराट कोहली हैं, उनकी चीजें पहले से ही प्लान्ड होती हैं। उनकी लंदन ट्रिप के संबंध में भी पहले से ही बता दिया गया था।
सबसे पहले साउथ अफ्रीका पहुंचे थे कोहली
उन्होंने बताया कि कोहली ने लंदन रवाना होने से पूर्व दक्षिण अफ्रीका में आयोजित तीन दिन के ट्रेनिंग कैम्प में हिस्सा लिया था। उसके बाद ही वह टीम का साथ छोड़कर लंदन रवाना हुए थे। कोहली अब 26 दिसंबर से शुरू होने वाले टेस्ट से पहले टीम इंडिया के साथ जुड़ चुके हैं। विराट 15 दिसंबर को सबसे पहले साउथ अफ्रीका पहुंचे थे और तीन दिन ट्रेनिंग के बाद 19 दिसंबर को लंदन रवाना हुए थे।
Published on:
24 Dec 2023, 9:29 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.