
लगातार 34 जीत के बाद थमा भारत का विजयी रथ, रोमांचक मुकाबले में बांग्लादेश ने दी शिकस्त
नई दिल्ली। कुआलालम्पुर में जारी महिला एशिया कप टी20 टूर्नामेंट में आज भारतीय महिला टीम को बांग्लादेश के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा। रोमांचक मुकाबले में बांग्लादेश ने भारत को दो गेंद बाकी रहते सात विकेट के अंतर से मात दी। इस मैच में बांग्लादेश की ओऱ से फरजाना हक ने बेहतरीन बल्लेबाजी का मुजाहिरा पेश करते हुए अर्धशतकीय पारी खेली। फरजाना ने 46 गेंदों पर 52 रन बनाए। फरजाना की इस पारी के लिए उन्हें वुमेन ऑफ मैच का अवार्ड दिया गया। इस टूर्नामेंट को भारत छह बार जीत चुका है। लेकिन आज का दिन भारत के लिए निराशाजनक रहा। भारत की तीन मैचों में यह पहली हार है। भारत ने इससे पहले मलेशिया और थाईलैंड को एकतरफा अंदाज में हराया था। लेकिन बंगलादेश ने गेंद और बल्ले से शानदार प्रदर्शन करते हुये भारतीय टीम के विजय रथ को रोक दिया।
हरमनप्रीत ने बनाए सबसे ज्यादा रन-
भारतीय महिला टीम ने सात विकेट पर 141 रन बनाये जबकि बंगलादेश ने 19.4 ओवर में तीन विकेट पर 142 रन बनाकर मैच जीत लिया। भारतीय पारी में कप्तान हरमनप्रीत कौर ने 37 गेंदों पर छह चौकों की मदद से सर्वाधिक 42 रन बनाये जबकि दीप्ति शर्मा ने 28 गेंदों में पांच चौकों के सहारे 32, पूजा वस्त्रकर ने 20 गेंदों में 20 रन, मिताली राज ने 12 गेंदों में 15 रन और मोना मेशराम ने 12 गेंदों में नाबाद 14 रन बनाये। बंगलादेश की ओर से रूमाना अहमद ने शानदार गेंदबाजी करते हुये 21 रन पर तीन विकेट लिये। भारत की तीन बल्लेबाज रनआउट हुईं।
फरजाना की बेहतरीन पारी-
बंगलादेश को जीत दिलाने में फरजाना हक का महत्वपूर्ण योगदान रहा जिन्होंने 46 गेंदों में पांच चौकों और एक छक्के की मदद से नाबाद 52 रन बनाये। रूमाना अहमद ने 34 गेंदों में छह चौकों की मदद से 42 रन और शमीमा सुल्ताना ने 23 गेंदों में सात चौके लगाते हुये 33 रन बनाये। पूजा वस्त्रकर ने 21 रन पर एक विकेट, राजेश्वरी गायकवाड़ ने 26 रन पर एक विकेट और पूनम यादव ने 21 रन पर एक विकेट लिया। रूमाना अहमद को उनके ऑलराउंड प्रदर्शन के लिये प्लेयर ऑफ द मैच का पुरस्कार दिया गया। रूमाना ने तीन विकेट लेने के बाद नाबाद 42 रन भी बनाये।
पाकिस्तान ने भी दर्ज की जीत-
दिन के एक अन्य मुकाबले में पाकिस्तान ने श्रीलंका को 23 रन से हरा दिया। पाकिस्तान ने चार विकेट पर 136 रन बनाने के बाद श्रीलंकाई पारी को नौ विकेट पर 113 रन पर रोक दिया। एक अन्य मैच में थाईलैंड ने मलेशिया को नौ विकेट से पीटा। मलेशियाई टीम को आठ विकेट पर 36 रन पर रोकने के बाद थाईलैंड ने नौ ओवर में ही एक विकेट पर 37 रन बनाकर मैच जीत लिया।
ये है प्वाइंट टेबल का हाल-
आज के मैचों के बाद भारत, श्रीलंका, पाकिस्तान और बंगलादेश चार चार अंकों के साथ पहले, दूसरे, तीसरे और चौथे स्थान पर है। थाईलैंड के खाते में दो अंक हैं जबकि मलेशिया अपने तीनों मैच गंवा चुका है। इस मैच में मिली हार के साथ ही भारत का महिला एशिया कप में लगातार 34 मैचों की जीत का सिलसिला भी थम गया। बता दें कि इससे पहले इस टूर्नामेंट में भारतीय महिला टीम लगातार 34 मैच जीत चुकी थी।
Published on:
6 Jun 2018, 4:24 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.