
श्रीलंका को मिली ऐतिहासिक जीत से भारत की मुश्किलें बढ़ गई हैं
World test Championship points table: आईसीसी वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) 19-21 का फाइनल खेलने वाली भारतीय टीम को मंगलवार को एक और झटका लगा है। इंग्लैंड से एजबेस्टन टेस्ट हारने के बाद भारत वर्ल्ड टेस्ट चैम्पियनशिप 21-23 की अंक तालिका में पाकिस्तान से नीचे चला गया था। मंगलवार को उसे श्रीलंका ने एक और झटका दिया और अंक तालिका पांचवे स्थान पर धकेल दिया है। श्रीलंका ने ऑस्ट्रेलिया को दूसरे टेस्ट में पारी और 39 रनों से हरा दिया। उसकी इस जीत से आईसीसी वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के पॉइंट्स टेबल का सेनेरियो बदलकर रख दिया है।
श्रीलंका की इस जीत के साथ भारत की मुश्किलें बढ़ गई हैं और वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल में जगह बनाने की उम्मीदें कम होती दिखाई दे रही हैं। गॉल स्टेडियम में श्रीलंकाई टीम ने इतिहास रच दिया और ऑस्ट्रेलिया को 6 साल बाद टेस्ट में मात दी। इस जीत के साथ श्रीलंका WTC अंक तालिका में तीसरे स्थान पर आ गया है। इससे भारत और पाकिस्तान को बड़ा नुकसान हुआ है। वहीं यह मैच हारने से ऑस्ट्रेलिया को भी बड़ा झटका लगा है और वह टेबल के टॉप से दूसरे नंबर पर आ गया है।
यह भी पढ़ें : भारत और इंग्लैंड के बीच पहला वनडे मुकाबला शाम 5.30 बजे से
श्रीलंका ने अबतक 4 मैच जीते हैं और 3 में उसे हार का सामना करना पड़ा है। वहीं एक टेस्ट ड्रा रहा है। ऐसे में 52 अंक और 54.17 विनिंग प्रतिशत के साथ श्रीलंका तीसरे स्थान पर है।
वहीं इस मैच को हारने के बाद ऑस्ट्रेलिया का विनिंग प्रतिशत घटकर 70 हो गया है और वह दक्षिण अफ्रीका के बीचे आ गया है। ऑस्ट्रेलिया ने अबतक 6 मैच जीते हैं और मात्र एक में हार का सामना किया है। वहीं 3 मैच ड्रा रहे हैं। 84 अंकों के साथ ऑस्ट्रेलिया दूसरे स्थान पर है।
भारत की बात की जाये तो वर्ल्ड टेस्ट चैम्पियनशिप 2021-23 में भारत अबतक 12 मुक़ाबले खेल चुका है। जिसमें से 6 में जीत हासिल की है। वहीं 4 में उन्हें हार का सामना करना पड़ा है। इस दौरान दो मैच ड्रा भी हुए हैं।
यह भी पढ़ें : कॉमनवेल्थ गेम्स के लिए भारतीय महिला टीम का ऐलान, हरमनप्रीत कप्तान
भारत के अभी 75 अंक हैं और विनिंग प्रतिशत 52.08 है। भारत से ऊपर पाकिस्तान है। पाकिस्तान ने 7 मैचों में 3 जीते हैं, 2 हारे हैं और 2 ड्रा रहे हैं। 52.38 विनिंग प्रतिशत और 44 अंकों के साथ पाकिस्तान चौथे नंबर पर है।
भारत को फाइनल में पहुंचने के लिए अपने बाकी बचे छह मैच जीतने होंगे। टीम इंडिया को घरेलू जमीन पर ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ चार टेस्ट मैच खेलने हैं। इसके अलावा दो टेस्ट मैचों की सीरीज के लिए टीम बांग्लादेश जाएगी। छह मैचों में जीत के साथ-साथ रैंकिंग में ऊपर की टीमों की हार की कामना करनी होगी।
भारत के बाद छठे स्थान पर वेस्टइंडीज (50 फीसदी अंक), सातवें स्थान पर इंग्लैंड (33.33 फीसदी अंक), आठवें स्थान पर न्यूजीलैंड (25.93 फीसदी अंक) और नौवें स्थान पर बांग्लादेश (13.33 फीसदी अंक) है।
Updated on:
12 Jul 2022, 1:13 PM IST
Published on:
12 Jul 2022, 12:43 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.