
ऑस्ट्रेलिया की जीत से चमकी भारत की किस्मत, वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप की दौड़ में दूसरे नंबर पर पहुंचा।
WTC Points Table : भारतीय टीम ने बांग्लादेश को दो टेस्ट मैचों की सीरीज के पहले मुकाबले को हराकर जहां चौथे से तीसरे पायदान पर पहुंचकर बड़ी छलांग लगाई थी। वहीं, आस्ट्रेलिया ने गाबा टेस्ट में साउथ अफ्रीका को हराकर भारत को दूसरे पायदान पर आने तोहफा दिया है। अब टीम इंडिया वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल की रेस में एक ही दिन में दो स्थानों की छलांग लगाकर ऑस्ट्रेलिया के बाद दूसरे स्थान पर पहुंच गई है। बता दें कि टीम इंडिया ने पहले टेस्ट मैच में बांग्लादेश को 188 रनों के बड़े अंतर से हराकर वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप की प्वाइंट्स टेबल में अंक अर्जित किए हैं तो दक्षिण अफ्रीका ने ऑस्ट्रेलिया से हारकर अपने अंक कम कर लिए हैं। वह अब भारत के बाद तीसरे स्थान पर पहुंच गया है।
भारतीय टीम वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप ताजा प्वाइंट्स टेबल में चौथे स्थान से छलांग लगाकर दूसरे पायदान पर पहुंच गई है। भारत-बांग्लादेश के बीच खेले गए इस टेस्ट मुकाबले से पहले श्रीलंकाई टीम तीसरे स्थान पर थी तो दक्षिण अफ्रीका की टीम दूसरे स्थान पर थी। वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप की ताजा अंक तालिका के अनुसार अब भारतीय टीम ने 13 मैच में से 7 जीतकर 87 अंक जोड़े हैं। भारतीय टीम का जीत प्रतिशत अब 55.77 फीसदी हो गया है। वहीं, ऑस्ट्रेलिया से हारकर दक्षिण अफ्रीका 54.54 प्रतिशत जीत के अंकों के साथ तीसरे स्थान पर लुढ़क गई है। जबकि ऑस्ट्रेलिया 76.92 प्रतिशत अंकों के साथ पहले पायदान पर है।
टीम इंडिया को बरकरार रखना होगा प्रदर्शन
भारतीय टीम के लिए वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप में अभी तक का सफर बेहद मुश्किलों भरा था, लेकिन टीम इंडिया ने बांग्लादेश को हराकर एक बार उम्मीदें कायम की हैं। टीम इंडिया को अब अपने शेष 5 मैचों में से कम से कम 4 जीतने होंगे। भारत और बांग्लादेश के बीच सीरीज का दूसरा और अंतिम टेस्ट 22 दिसंबर से मीरपुर में खेला जाएगा। इसके बाद टीम इंडिया अपने ही सरजमीं पर ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 4 टेस्ट मैचों की सीरीज खेलनी है।
यह भी पढ़े - भारत को धमकी देने वाले रमीज राजा की छुट्टी होना तय, अब ये शख्स बनेगा पीसीबी चेयरमैन
रोहित और बुमराह की होगी वापसी
भारत और बांग्लादेश के बीच खेली जा रही दो टेस्ट मैचों की सीरीज के पहले मुकाबले में टीम इंडिया ने कई दिग्गज खिलाड़ियों के बगैर यह जीत हासिल की है। अब अगले मैच में कप्तान रोहित शर्मा टीम से जुड़ जाएंगे। वहीं, आस्ट्रेलिया के खिलाफ खेली जाने वाली सीरीज में जसप्रीत बुमराह के भी टीम में शामिल होने की उम्मीद है।
यह भी पढ़े - भारत ने बांग्लादेश को पहले टेस्ट में 188 रनों से रौंदकर लिया वनडे सीरीज का बदला
Published on:
18 Dec 2022, 3:35 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.