
एमआई के गोदाम से 4200 मोबाइल कर कर दिए साफ, गिरोह का हुआ पर्दाफाश
गुड़गांव। मोबाइल फोन बनाने वाली प्रमुख कंपनी (एमआई) के गोदाम से फोन चुराने के आरोप में दो युवकों को मोतिहारी (बिहार) से गिरफ्तार किया गया। उनसे पूछताछ के बाद 4239 मोबाइल बरामद किए गए। इनकी कीमत करीब 87 लाख रुपये बताई जा रही है। इनसे पूछताछ में पता चला कि वह फोन को नेपाल में अपने साथियों के पास पहुंचाने की फिराक में थे। पुलिस अब गिरोह के अन्य गुर्गों की तलाश में जुटी है।
मोतीहारी निवासी को पकड़ा
पुलिस ने बताया कि 18 मई की रात को सेक्टर-12 के एक गोदाम में चोरी हुई थी। चोर यहां से करीब चार हजार नए मोबाइल,वॉशिंग मशीन व अन्य इलेक्ट्रॉनिक सामान ले गए थे। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार पुलिस टीम ने जांच शुरू की। टीम ने छह अगस्त को बिहार के मोतिहारी निवासी आलम को गिरफ्तार किया। इससे पूछताछ के बाद 12 अगस्त को उसके गांव के ही रमेश उर्फ बबलू को गिरफ्तार किया गया। पुलिस के अनुसार अभी तक यह पता नहीं चल सका है कि चोरों ने इतनी बड़ी चोरी किसकी मदद से की है। माना जा रहा है कि किसी विश्वास पात्र ने ही यह चोरी कराई गई है। गोदाम तक चोरों का पहुंचना असंभव था क्योंकि वहां पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था होती है ।
चोरी की वारदात को अंजाम देना कबूल किया
दोनों ने पूछताछ में चोरी की वारदात को अंजाम देना कबूल किया। उन्होंने बताया कि वारदात से पहले कई दिनों तक गोदाम की रेकी की गई। इसके बाद किराये पर कैंटर लेकर चार लोग गोदाम पहुंचे। चोरी का सामान यहां से सीधा बिहार ले गए थे। बिहार में इन्होंने सामान छिपा रखा था। उन्होंने बताया कि फोन को नेपाल में अपने दोस्तों के पास पहुंचाना था। इसके बाद उसे नेपाल में बेचना था। पुलिस ने बिहार में इनके ठिकाने से 4239 मोबाइल बरामद कर लिए। ये सभी मोबाइल एमआई ब्रैंड के हैं और करीब 87 लाख इनकी कीमत है।
Published on:
26 Aug 2018, 3:58 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.