
Bihar Khagria BDO Beating 2 youth, video goes viral
Bihar News: बिहार में बीते दिनों राजधानी पटना में एक अधिकारी ने हाथ में तिरंगा लिए प्रदर्शन कर रहे शिक्षक अभ्यर्थियों की जमकर पिटाई की थी। पिटाई का यह वीडियो वायरल होने के बाद पटना एडीएम केके सिंह की खूब आलोचना हुई। विभागीय स्तर पर भी उनपर कार्रवाई हुई। लेकिन इसके बाद भी बिहार के अधिकारियों के व्यवहार में सुधार नहीं आया है। अब बिहार के खगड़िया जिले से एक वीडियो वायरल हुआ है। जिसमें एक अधिकारी दो युवकों की न केवल थप्पर मारते नजर आ रहे हैं बल्कि वो युवकों को लाठी से मारते भी नजर आ रहे हैं।
वायरल वीडियो में दिख रहे अधिकारी खगड़िया के परबत्ता प्रखंड के प्रखंड विकास पदाधिकारी ( BDO) अखिलेश कुमार हैं। युवकों की पिटाई का वीडियो वायरल होने के बाद अब बीडीओ का बयान सामने आया है। एक समाचार एजेंसी से बात करते हुए बीडीओ अखिलेश कुमार ने कहा कि आरटीपीएस काउंटर पर काफी भीड़ थी। उसी में दो युवक धक्का दे रहे थे। साथ ही पुलिस और स्टाफ को गाली भी दे रहे थे। जब मैं वहां पहुंचा तो एक युवक ने मेरा भी कॉलर पकड़ लिया। मुझे गाली दी, मुझे मारना चाहा। इसके बाद मैनें उन लोगों की पिटाई की।
अधिकारी के बयान से इतर वायरल हो रहे वीडियो में बीडीओ का व्यवहार किसी गुंडे जैसा दिख रहा है। जिसके चलते उनकी आलोचना की जा रही है। इधर वीडियो वायरल होने पर खगड़िया डीएम आलोक रंजन घोष ने बीडीओ को नगर निकाय चुनाव के काम से हटा दिया है। इधर बीडीओ ने जिन युवकों को पीटा, वे दोनों सगे भाई है।
बताया गया कि खगड़िया के लेलिनगर तेमथा निवासी सुप्रभात कुमार अपने भाई संजीत कुमार के साथ आवास और जाति प्रमाण पत्र बनवाने के लिए आईटी भवन पहुंचे थे। जहां सभी प्रक्रिया को पूरा करने के बाद वो बीडीओ के पास पहुंचे। जहां बीडीओ ने उनकी पिटाई की।
इधर वायरल वीडियो के बारे में बताया गया कि नगर निकाय चुनाव को लेकर आईटी भवन में नामांकन का काम चल रहा है। प्रशासन ने सुबह 11 से तीन बजे तक नामांकन का समय निर्धारित किया है। इस दौरान नामांकन स्थल आईटी भवन के पास किसी भी बाहरी आदमी के प्रवेश पर रोक है। अधिकारी का कहना है कि रोक के बाद भी दोनों युवक आईटी भवन में पहुंचकर वहां मौजूद कर्मचारियों के साथ गाली-गलौज कर रहे थे। इधर युवकों ने अधिकारी के बयान को गलत करार दिया है।
बीडीओ द्वारा युवकों की बेरहमी से की गई पिटाई का वीडियो वायरल होने पर खगड़िया डीएम आलोक रंजन घोष ने बीडीओ अखिलेश कुमार से स्पष्टीकरण की मांग की है। साथ ही तत्काल प्रभाव से उन्हें नामांकन कार्य से हटा दिया है। साथ ही पूरे मामले की जांच का जिम्मा एडीएम को सौंपा गया है। इधर बीडीओ के व्यवहार से स्थानीय लोगों में गुस्सा है।
Published on:
15 Sep 2022, 2:17 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.