
BJP Expels Vinod Arya and Ankit Arya father and brother of main accused Pulkit Arya from party
Ankita Bhandari Murder Case: अंकिता भंडारी मर्डर केस में बीजेपी नेता के बेटे का नाम सामने आने के बाद पार्टी ने मुख्य आरोपी के पिता और भाई पर भी एक्शन लिया है। पार्टी ने मुख्य आरोपी पुलकित आर्य के पिता विनोद आर्य को पार्टी से सस्पेंड कर दिया है। इसके साथ-साथ पुलकित आर्य के भाई अंकित आर्य पर भी गाज गिरी है। अंकित आर्य को उत्तराखंड ओबीसी कमीशन के डिप्टी चेयरमैन पद से हटा दिया गया है।
मालूम हो कि 19 साल की रिसॉर्ट रिसेप्सनिस्ट अंकिता भंडारी की हत्या में बीजेपी नेता के बेटे की संलिप्तता को लेकर राज्य का सियासी माहौल भी गरमा गया है। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने मामले में पीड़ित परिवार को जल्द से जल्द न्याय दिलाने और आरोपियों को सख्त सजा दिए जाने की मांग की है। उत्तराखंड के कांग्रेस नेता भी बीजेपी पर हमलावर है। इस बीच बीजेपी ने आरोपी के पिता और भाई को पार्टी से निकाल दिया है।
मालूम हो कि अंकिता भंडारी मर्डर केस का मामला सामने आने के बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अंकिता हत्याकांड को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि पुलिस काम कर रही है। ऐसे जघन्य अपराधों के लिए कड़ी से कड़ी सजा दी जाएगी, चाहे अपराधी कोई भी हो। साथ ही मुख्यमंत्री धामी ने प्रदेश भर के होटल, रिजॉर्ट, गेस्ट हाउस के कर्मचारियों की स्थिति के बारे में जानकारी मांगी है। वहीं इन कर्मचारियों के खिलाफ की गई शिकायतों को गंभीरता से लेने को कहा है।
अंकिता बीजेपी नेता विनोद आर्य के पुत्र पुलकित आर्य के वनंत्रा रिजॉर्ट में रिसेप्शनिस्ट थी। 28 अगस्त को अंकिता ने रिसेप्शनिस्ट के पद पर ज्वाईन किया था। वो रिजॉर्ट के एक कमरे में रहा करती थी। आरोप है कि पुलकित अंकिता को जबरन देह व्यापार के धंधे में उतारना चाहता था। इस बात का खुलासा अंकिता के वाट्स एप चैट से सामने आया है। बताया जाता है कि पुलकित और उसके दो दोस्तों ने मिलकर अंकिता को पानी में डूबो दिया।
अंकिता मर्डर केस का खुलासा करते हुए ASP शेखर सुयाल ने बताया की वनंत्रा रिजॉर्ट के मालिक पुलकित आर्य, अंकित गुप्ता और सौरभ ने ही अंकिता की हत्या की है। गिरफ्तार किए गए तीनों आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। जिसके बाद तीनों को जेल भेज दिया गया है। इधर आज सुबह आरोपियों को बताए चिल्ला नहर से पुलिस ने अंकिता के शव को बरामद किया।
Published on:
24 Sep 2022, 1:55 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.