
Attack on Umar Khalid
नई दिल्ली। दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने जवाहरलाल नेहरू यूनिवर्सिटी (जेएनयू) के स्टूडेंट लीडर उमर खालिद पर हुए हमले के सिलसिले में हरियाणा के दो युवकों को हिरासत में लिया है। पुलिस ने यह कार्रवाई सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल होने के बाद की है, जिसमें दोनों युवकों ने घटना को अंजाम देने की बात खुद से कबूली है।
दिल्ली पुलिस के अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी के मुताबिक स्पेशल सेल की टीम को दोनों की स्थिति की गुप्त सूचना मिली थी। इसके बाद रविवार को हरियाणा से दरवेश शाहपुर व नवीन दलाल को हिरासत में ले लिया गया।
अधिकारी का कहना है, "हम वर्तमान में उनके दावे की हकीकत या उनके द्वारा सिर्फ सोशल मीडिया पर सनसनी पैदा करने के इरादे से वीडियो क्लिप बनाने की बात को पुख्ता करने के लिए पूछताछ कर रहे हैं। हम मामले की जांच कर रहे हैं।"
बीते 16 अगस्त को वायरल हुए वीडियो में पकड़े गए शाहपुर व दलाल ने कहा है कि वे अगले दिन स्वतंत्रता सेनानी करतार सिंह साराभा के घर के नजदीक गुरुद्वारे के पास पुलिस के समक्ष आत्मसमर्पण करेंगे।
वीडियो में युवक ने दावा किया था, "खालिद पर हमला करके हम लोगों को स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर उपहार देना चाहते थे।" दोनों युवकों ने अपनी पहचान सर्वेश शाहपुर और नवीन दलाल के रूप में बताई थी और पुलिस से अपील की है कि वो हमले को लेकर अन्य लोगों को परेशान न करे।
इससे पहले पुलिस ने संदेह जताया था कि यह वीडियो हरियाणा या पंजाब में कहीं पर रिकॉर्ड किया गया है और अब पुलिस ने इसे पुख्ता करते हुए गिरफ्तारी भी कर ली।
गौरतलब है कि बीते सोमवार को नई दिल्ली के कॉन्स्टीट्यूशन क्लब ऑफ इंडिया के बाहर उमर खालिद पर एक हथियारबंद व्यक्ति ने हमला किया था। खालिद यहां पर एक कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे थे। खालिद पर हमले के बाद हमलावर घटनास्थल से भाग गया था और उसकी पहचान अभी होनी बाकी है। पुलिस घटनास्थल पर लगे सीसीटीवी से मिले फुटेज में दिखाई देने वाले हमलावर का मिलान भी गिरफ्तार किए गए दोनों व्यक्तियों से कराने की कोशिश में लगी हुई है।
वहीं, बुधवार को दिल्ली पुलिस स्पेशल सेल की एक टीम ने घटनास्थल पर जाकर इस हमले के घटनाक्रम को फिर से बनाया था। पुलिस ने मामले को लेकर उमर खालिद और अन्य प्रत्यक्षदर्शियों के बयान भी रिकॉर्ड किए थे।
Updated on:
20 Aug 2018 02:31 pm
Published on:
20 Aug 2018 02:25 pm
बड़ी खबरें
View Allक्राइम
ट्रेंडिंग
