
'भीड़तंत्र' के आगे बेबस बिहार, पैसे छीनने के शक में भीड़ ने युवक को पीट-पीटकर मार डाला
पटना। मॉब लिंचिंग की घटना रुकने का नाम नहीं ले रही हैं। देश के अलग-अलग इलाकों से लगातार भीड़ की हिंसा की खबरें आ रही हैं। अब एक बार फिर से नीतीश कुमार के राज्य बिहार से मॉब लिंचिंग की खबर आई है। सीतामढ़ी जिले में एक शख्स को पीट-पीटकर मार डाला गया।
पैसे छीनने के शक में हत्या
मीडिया में आई खबरों के मुताबिक, घटना सीतामढ़ी जिले के रीगा थाना के अंतर्गत रमनगरा गांव की है। जहां पर एक वाहन चालक ने आरोप लगाया कि मृतक रूपेश उससे पैसे छीनकर अपनी मोटरसाइकल पर भागने की कोशिश कर रहा था। ड्राइवर के चिल्लाने पर वहां पर गांव वाले एकत्रित होन लगे। जिसके बाद इस वहशियाना हरकत को अंजाम दिया गया। वहीं दूसरी तरफ मृतक के परिजनों का कहना है कि भीड़ ने 24 वर्षीय रूपेश को तब पीटा जब वह वाहन को ओवरटेक करने की प्रयास कर रहा था। पुलिस अधिकारी कुमार वीर धीरेंद्र ने मीडिया को बताया कि गांववालों ने रूपेश झा नामक युवक को मार डाला। मृतक रूपेश सिंगरहिया गांव का रहने वाला था। मारपीट के बाद उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से उसे बाद में पटना मेडिकल कालेज एवं अस्पताल भेज दिया गया। यहां उसकी मौत हो गई। एक नामजद और 150 लोगों के खिलाफ केस दर्ज हुआ है।
घटना का वीडियो वायरल
इस पूरी घटना का वीडियो भी सामने आया है। जिसमें नीले रंग की जींस और काले-लाल रंग की शर्ट पहने युवक को कुछ लोग लात घूंसों से मार रहे हैं। वीडियो में उसके चिल्लाने की भी आवाजें आ रही हैं। वह दर्द से कांप रहा है। वहां मौजूद लोग भी चिल्ला रहे हैं। घटना सोमवार की बताई जा रही है। इस वारदात का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। बता दें कि बिहार में मॉब लिंचिंग की ये चौथी घटना है।
Published on:
11 Sep 2018, 10:08 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.