कैदियों का जेल ट्रांसफर की इजाजत नहीं दी जाएगी
जेल मंत्री रंधावा ने कहा कि नाभा, गुरदासपुर, कपूरथला और पटियाला की जेलें संवेदनशील हैं। इसमें कोई शक नहीं कि जेलों में मोबाइल का धड़ल्ले से इस्तेमाल हो रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि अब जेलों में बंद हवालाती को अदालत में पेश करने के बजाय उनकी वीडियो कांफ्रेंसिंग से पेशी की जाएगी। हाईकोर्ट ने पटियाला जेल में अदालत लगाने की आज्ञा भी दे दी है। उन्होंने कहा कि बेहद गंभीर मामलों में बंद कैदियों को एक जेल से दूसरी जेल में ट्रांसफर की इजाजत नहीं दी जाएगी। रंधावा ने जेलों में गैंगस्टरों और कैदियों की गतिविधियों को लगाम लगाने के लिए रणनीति बनाने की भी बात की। उन्होंने कहा कि जेलों में मोबाइल के इस्तेमाल को रोकने के लिए जैमर लगाए जाएंगे। इस बारे में केंद्र सरकार से बातचीत चल रही है। उन्होंने राज्य के जेलों के बारे में बताते हुए कहा कि वर्तमान में राज्य की जेलों में दुर्दांत किस्म के 31 से अधिक गैंगस्टर बंद हैं। इनकी गतिविधियों पर जेल प्रशासन की हर समय नजर रहती है। अगर जेलों में बंद अपराधियों की गतिविधियों पर लगाम लगा दिया जाए तो राज्य में पचास फीसदी तक अपराध कम हो जाएंगे।