
फाइल फोटो
अगरतला।रक्षाबंधन के नाम पर एक स्कूल टीचर ने छात्रा से अपने बॉयफ्रेंड को राखी बांधने को कहा, तो नाराज छात्र इस बात को सहन नहीं कर सका। जब शिक्षक ने जबरन राखी बंधवाने की कोशिश की तो छात्र ने आत्महत्या करने की कोशिश में स्कूल की इमारत से नीचे छलांग लगा दी। इसमें छात्र गंभीर रूप से घायल हो गया।
स्थानीय पुलिस अधिकारी के मुताबिक सोमवार को अगरतला स्थित एक निजी स्कूल के प्रधानाचार्य समेत कई शिक्षकों ने स्कूल की 12वीं कक्षा में पढ़ने वाले छात्र दिलीप कुमार साहा और उसकी गर्लफ्रेंड को बुलाया। जब दोनों पहुंच गए तो शिक्षकों ने लड़की से कहा कि वो दिलीप के हाथ पर राखी बांधे। इस बात पर दोनों छात्र-छात्राओं ने मना कर दिया। कुछ देर बार दिलीप स्कूल की दूसरी मंजिल पर गया और अचानक वहां से नीचे कूद गया।
स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो जब दिलीप ने राखी बंधवाने से मना कर दिया तो स्कूल प्रिंसिपल ने कथितरूप से उसकी पिटाई भी की। इसके बाद उसके अभिभावकों को भी बुलाकर उन्हें काफी बुरा-भला कहा। इसके बाद छात्र ने आत्महत्या का कदम उठाया।
घटना की जानकारी मिलते ही स्कूल में अफरातफरी का माहौल फैल गया। आननफानन में स्कूल प्रबंधन दिलीप को तुरंत नजदीक के अस्पताल ले गए, जहां पर उसकी हालत नाजुक बनी हुई थी। वहीं, जब अन्य छात्रों-अभिभावकों को इस घटना की जानकारी मिली, तो उन्होंने स्कूल प्रबंधन के खिलाफ जमकर प्रदर्शन किया और दोषी शिक्षकों की गिरफ्तारी की मांग की। उन्होंने नरसिंगढ़-अगरतला रोड को सुबह से जाम कर दिया।
घटना की जानकारी मिलने पर स्थानीय विधायक मौके पर पहुंचे और गुस्साए छात्रों को शांत कराते हुए दोषी शिक्षकों और स्कूल प्रबंधन के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने का भरोसा दिया। शिक्षा मंत्री रतन लाल नाथ ने भी दिलीप के परिवार से मुलाकात की और उचित कार्रवाई किए जाने का वादा किया।
पुलिस ने तेज कार्रवाई करते हुए स्कूल प्रबंधन के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया और मामले की जांच शुरू कर दी है। हालांकि खबर लिखे जाने तक अस्पताल में छात्र की हालत थोड़ी सुधर रही है।
Published on:
29 Aug 2018, 1:44 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.