खबरों के मुताबिक, बिहार के समस्तीपुर जिले में गुरुवार तड़के एक अज्ञात वाहन ने सड़क किनारे तीज पर्व के मौके पर गीत गा रहीं महिलाओं को रौंद दिया। इस भीषण टक्कर में दो महिलाओं की मौत हो गई जबकि दो महिलाओं की हालत गंभीर रूप से घायल बताई जा रही है। पुलिस के अनुसार, अरपुर एलौथ गांव के पास तीज व्रत के दौरान सड़क के किनारे रतजगा कर रही महिलाएं समूह में गाना गाकर पूजा कर रही थीं। इसी दौरान तेज रफ्तार से आ रही स्कॉर्पियो कार ने चार महिलाओं को कुचल डाला जिसमें दो महिलाओं की मौत हो गई और दो महिलाएं घायल हो गईं हैं। मुसरीघरारी के थाना प्रभारी परमानंद ने बताया, "इन सभी महिलाओं को तत्काल इलाज के लिए स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान दो महिलाओं की मौत हो गई। मृतक महिलाओं की पहचान रंजू देवी (30) और धर्मशीला देवी (34) के रूप में की गई है।"इधर, घटना से आक्रोशित लोगों ने मृतकों के परिजनों को मुआवजा देने की मांग को लेकर घटनास्थल पर समस्तीपुर- मुसरीघरारी मार्ग को जाम कर दिया। पुलिस अधिकारियों के समझाने के बाद लोग सड़क से हटे।