
गर्ल्स हॉस्टल की अव्यवस्थाएं देख भड़कीं विधायक रामबाई, छात्राओं का नहाते हुए हो चुका है वीडियो वायरल
मध्य प्रदेश के दमोह जिले के अंतर्गत आने वाले पथरिया में स्थित कस्तूरबा गांधी बालिका छात्रावास की नाबालिग छात्राओं का कुछ दिन पहले नहाते हुए वीडियो वायरल हुआ था। फिर गर्ल्स हॉस्टल में वॉर्डन के पति के रहने के मामले ने बवाल खड़ा किया। इसके बाद हॉस्टल की ही एक नाबालिक छात्रा के गर्भवती होने के मामले ने छात्रावास की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े किये। अब इन सब मामलों पर जारी बवाल थमा भी नहीं था कि, अब हॉस्टल में फैली अव्यवस्थाओं के अंबार और छात्राओं को दी जाने वाली रोटी के आंटे में मिले कीड़ों ने फिर बवाल खड़ा कर दिया है। ऐसे में निरीक्षण करने पहुंची विधायक रामबाई ने हॉस्ल वॉर्डन की जमकर फटकार लगाई।
दलित वर्ग की नाबालिग बच्चियों के आपत्तिजनक वीडियो सामने आने के बाद से ही कस्तूरबा गांधी छात्रावास की व्यवस्थाओं पर लगातार गंभीर सवाल उठ रहे हैं। इस बीच पथरिया विधायक रामबाई छात्रावास का निरीक्षण करने पहुंच गईं। निरीक्षण में अव्यवस्थाओं का अंबार सामने आने के बाद विधायक रामबाई आग बबूला हो गईं, जिसके बाद वार्डन के साथ उनकी जमकर बहस हो गई। विधायक रामबाई और वार्डन के बीच हुई बहस और छात्रावास में निरीक्षण के कुछ वीडियो अब सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहे हैं।
विधायक ने वार्डन को सुनाई खरी-खरी
विधायक रामबाई ने जब देखा कि छात्रावास में अवस्थ्याओं का अंबार लगा है। साथ ही, छात्राओं को दी जाने वाली रोटी के आटे में कीड़े देख रामबाई वार्डन पर भड़क गई। इस दौरान विधायक ने प्रदेश सरकार पर भी निशाना साधते हुए कहा कि, छात्रावास में खुद की बेटी होती तो क्या प्रशासन उन्हें भी यही खिलाता ?
प्रशासन ने लिया एक्शन
यहीं नहीं विधायक रामबाई ने जब हॉस्टल में मौजूद छात्राओं से बात की तो उन्होंने अपनी आपबीती सुनाई। छात्राओं ने बताया कि, हॉस्टल में उन्हें ठीक से खाना तक नसीब नहीं होता। बात दें कि, प्रशासन ने वायरल वीडियो वाले कांड के बाद वॉर्डन और रसोइया के खिलाफ कारर्वाई करते हुए उन्हें हटा दिया है। साथ ही हॉस्टल मेस की गोदाम में ताला लगा दिया है। ऐसे में बच्चियों को खाना के लिए राशन तक नहीं मिल पा रहा है।
Published on:
18 Jul 2023, 9:43 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.