8 नवंबर 2026,

रविवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

साधारण परिवार में जन्मी राजस्थान की बेटी बीना मीणा बनी नासा में वैज्ञानिक

सितंबर से नासा में साइंटिस्ट के रूप में अपनी सेवाएं देंगी
2 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

दौसा

•

image

Santosh Trivedi

•

Updated: 6 Jul 2022, 9:45 AM IST

nasa_scientist_bina_meena.jpg

Bina Meena

दौसा के सिकराय उपखंड के कोरड़ा कलां की बेटी डॉ.बीना मीणा का अमरीका के अंतरिक्ष अनुसंधान केंद्र नासा में वैज्ञानिक पद पर चयन हुआ है। बीना मीणा के नासा में वैज्ञानिक के रूप में चयन होने पर गांव सहित आसपास के क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई। डॉ. बीना मीना गुमानपुरा पंचायत में कोरड़ा कंला गांव के नारायण लाल मीणा की बेटी है। डॉ बीना मीणा ने अमेरिका के जॉर्जिया स्टेट यूनिवर्सिटी एटलांटा से 2018-22 में डिपार्टमेंट ऑफ फिजिक्स एंड एस्ट्रोनॉमी में पीएचडी पूर्ण की।

इनका रिसर्च फील्ड अनुसंधान क्षेत्र में सक्रिय आकाश गंगाओं के सुपरमैसिव ब्लैक होल, बहिर्वाह और घूर्णी गतिज विज्ञान शामिल था। साथ ही डाक्टर बीना ने हबल स्पेस टेलीस्कॉप पर अपाचे पॉइंट ऑब्जर्वेटरी और स्पेस टेलीस्कॉप इमेजिंग स्पेक्ट्रोग्राफ (एसटीआईएस) में दोहरी इमेजिंग स्पेक्ट्रोग्राफ (डीआईएस) से स्पेक्ट्रोस्कोपिक अवलोकन पर भी कार्य किया। डा. बीना अब सितंबर से नासा में साइंटिस्ट के रूप में अपनी सेवाएं देंगी। डॉ. बीना का बचपन से ही सुनीता विलियम्स व कल्पना चावला की तरह अंतरिक्ष मे सफर का ख्वाब देखना अब हकीकत में बदलने जा रहा है।

दौसा जिले के छोटे से गांव कोरडा कलां (गुमानपुरा ) के साधारण परिवार में जन्मी डॉ बीना के पिता नारायणलाल मीणा राजस्थान लेखा सेवा के रिटायर्ड कार्मिक है और माता साक्षर गृहिणी है। बीना मीणा ने दसवीं की पढ़ाई जयपुर के निजी स्कूल एवं 12वीं की पढ़ाई झालाना केंद्रीय विद्यालय नंबर 3 से की है। सरकारी इंजीनियरिंग कॉलेज, अजमेर से (2006-10) में इलेक्ट्रॉनिक्स एंड कम्युनिकेशंस इंजीनियरिंग में (बी.टेक), इंजीनियरिंग में ग्रेजुएट एप्टीट्यूड टेस्ट (गेट) जनवरी 2011 में 96 प्रतिशत मार्क्स से उतीर्ण किया। इसके बाद आईआईटी दिल्ली (2011-13) से ऑप्टो- इलेक्ट्रॉनिक्स और ऑप्टिकल संचार विषय में एम्टेक किया तथा अमेरिका के जॉर्जिया स्टेट यूनिवर्सिटी से वर्ष 2015 -18 अट में जॉर्जिया स्टेट से मास्टर ऑफ साइंस इन फिजिक्स विषय में पूर्ण किया है।

साथ ही अपनी पीएचडी के दौरान उन्होंने डेट में प्रथम पुरस्कार भी जीता। अटलांटा साइंस फेस्टिवल मई 2019 में साइंस एटीएल कम्युनिकेशन फेलोशिप और जॉर्जिया स्टेट यूनिवर्सिटी अप्रेल 2021 से प्रोवोस्ट थीसिस फैलोशिप प्राप्त की। बीना के पढ़ाई के दौरान द एस्ट्रोफिकल जर्नल सहित कई प्रतिष्ठित जनरल्स में लेख भी प्रकाशित हुए है। डां.बीना गांव व आसपास के क्षेत्र से पहली आदिवासी समाज की लड़की है। जो विदेश में पढ़ाई कर नासा जैसे प्रतिष्ठित संस्थान में अपनी सेवाएं देंगी। डॉक्टर बीना द्वारा गांव एवं क्षेत्र का विश्व पटल पर नाम रोशन करने पर पूर्व सरपंच खेमराज मीणा, गुमानपुरा सरपंच अनीता मीणा, जीएसएस अध्यक्ष गिर्राज मीणा, भाजपा मंडल अध्यक्ष विशम्भर बासड़ा, एडवोकेट जलसिंह कसाना सहित ग्रामीणों ने उन्हें दूरभाष पर बधाई देकर गांव में मिठाई बांटी।