कांग्रेस-भाजपा के दिग्गजों की हो चुकी हैं रैलियां
मांधोगंज मंडी कस्बे की पुरानी कृषि उपज मंडी के गेट चौक राजनीतिक गलियारों में हमेशा सुर्खियों में रहा हैं। कांग्रेस इसको दिवंगत नेता संजय गांधी के नाम से संजय चौक पुकारती है तो भाजपा नेता भारतीय जनसंघ के संस्थापक श्यामप्रसाद मुखर्जी के नाम से इस जगह को मुखर्जी चौक मानती है। यहां मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, दिल्ली की दिवंगत मुख्यमंत्री शीला दीक्षित, शरद पंवार, पूर्व केन्द्रीय मंत्री राजेश पायलट, पंडित नवल किशोर शर्मा, रमा पायलट, सचिन पायलट सहित कई दिग्गज नेता चुनावी सभाएं कर चुके हैं। भाजपा की ओर से पूर्व मुख्यमंत्री भैरोंसिंह शेखावत, वसुंधरा राजे, पूर्व उप प्रधानमंत्री लालकृष्ण आडवाणी, पूर्व केंद्रीय मंत्री सुषमा स्वराज, राजनाथ सिंह, सतीश अग्रवाल सहित अन्य नेता चुनावी सभा कर चुके हैं। हाल ही में भाजपा ने परिवर्तन संकल्प यात्रा के तहत रैली भी यहां की थी, जिसको प्रदेश के नेताओं ने संबोधित किया था।