
दौसा। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि दिल्ली के नजदीक दौसा है। यहां से गुजर रहे दिल्ली-मुम्बई एक्सप्रेस वे पर देश का सबसे बड़ा औद्योगिक हब बनने वाला है। गुरुवार को दौसा के गुप्तेश्वर रोड पर आयोजित भाजपा प्रत्याशी जगमोहन मीना की नामांकन सभा में मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली के आसपास एनसीआर क्षेत्र में कई प्रतिबंध लागू हैं। ऐसे में उद्योग लगाने में परेशानी होती है। राइजिंग राजस्थान को लेकर जब वे उद्योगपतियों से मिले तो यहां एक्सप्रेस वे पर बनने वाले हब में उद्योग लगाने के लिए कहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बांदीकुई विधायक भागचंद टांकड़ा से कई बार चर्चा होती है तो वे कहते हैं कि एक्सप्रेस वे से क्षेत्र का भाग्य खुलने वाला है। सभा में मुख्यमंत्री ने युवाओं से कहा कि आइए और मेहनत करो। सरकार ने दो साल का कलेण्डर बनाकर 90 हजार नौकरियां निकाली है। इसमें से 60 हजार तो ऐसी हैं जो लंबे समय से खाली पड़ी थी, लेकिन पिछली सरकार ने ध्यान नहीं दिया। कांग्रेस चाहती तो रोजगार दे सकती थी, लेकिन गत सरकार ने सिर्फ भ्रष्टाचार पर ध्यान दिया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि दौसा पंच महादेव व संत सुंदरदास की नगरी है। आजादी के वक्त दौसा का तिरंगा लाल किले पर फहराया गया। आने वाले समय में ईआरपीसी से दौसा जिले को सबसे ज्यादा फायदा मिलेगा। ईआरसीपी का एमओयू कर दिया एवं डीपीआर बन गई। शीघ्र ही शिलान्यास होने वाला है। नदियों से नदियों को भी जोड़ा जाएगा। इससे पहले ही बंशीवाले की कृपा से इस मानसून में सभी बांध भर गए।
संकल्प पत्र के 50 प्रतिशत वादे पूरे किए गए हैं। पेपरलीक मामले को लेकर सीएम ने कहा कि युवाओं के आंखों में आंसू लाने वालों को किसी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। चुनाव बाद बड़े मगरमच्छों को भी पकड़ा जाएगा। अभी करीब 200 लोगों को पकड़ा है और संख्या बढ़ने वाली है।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने सरकार के कामकाज गिनाने के साथ कांग्रेस को भी आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सिर्फ बरगलाने का काम करती है व भ्रष्टाचार की जननी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि वे गांव के रहने वाले किसान हैं, उन्हें पता है क्या-क्या समस्या आती है। अब डबल इंजन की सरकार है। सबका साथ, सबका विश्वास की सोच के साथ सबके लिए काम कर रहे है। विकसित राजस्थान और विकसित दौसा भी बनाना है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा कि पहले आए दिन कांग्रेस की सरकार के समय भ्रष्टाचार की खबरें सुनने को मिलती थी, लेकिन केन्द्र में नरेन्द्र मोदी की सरकार बनने के बाद भ्रष्टाचार पर लगाम लगी है। डिप्टी सीएम प्रेमचन्द बैरवा ने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में विकसित राजस्थान बनेगा।
भाजपा रीति व नीति की पार्टी है। इस दौरान बांदीकुई विधायक भागचन्द सैनी टांकड़ा, लालसोट विधायक रामबिलास मीना, सिकराय विधायक विक्रम बंशीवाल, शाहपुरा (भीलवाड़ा) विधायक लालाराम बैरवा, सांसद प्रत्याशी कन्हैयालाल मीना, पूर्व प्रदेशाध्यक्ष अशोक परनामी, महुवा विधायक राजेन्द्र मीना, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रभुदयाल शर्मा, पूर्व मंत्री गोलमा देवी, पूर्व विधायक नन्दलाल बंशीवाल सहित कई नेताओं ने विचार व्यक्त किए।
सभा में कैबिनेट मंत्री डॉ. किरोडीलाल मीना ने कहा कि उनका स्वभाव परशुराम जैसा है। गुस्सा आता है और संयम खो देता हूं, लेकिन भाई जगमोहन का स्वभाव नरम है तथा सेवाभाव का है। इस दौरान उन्होंने भगवान राम-लक्ष्मण का उदाहरण भी दिया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने पेपरलीक वालों को बचाया, लेकिन मुख्यमंत्री ने जेल में डाल दिया। 50 तो थानेदार ही जेल की हवा खा रहे है। ट्रेनिंग लेने वाले दीवार कूदकर भाग रहे हैं।
किरोड़ी ने कहा कि वे कई बार नाराज हो जाते हैं, लेकिन मुख्यमंत्री बुरा नहीं मानते हैं और हंसमुख हैं। परिवारवाद के आरोप को गलत बताते हुए कहा कि टिकट उनके भाई को नहीं भाजपा के कार्यकर्ता को दिया है जो 45 साल से काम कर रहा था। वहीं भाजपा प्रत्याशी जगमोहन मीना ने कहा कि दौसा में पेयजल समस्या की समस्या का निदान कराएंगे। दौसा को शिक्षा का हब बनाने का प्रयास किया जाएगा।
Updated on:
25 Oct 2024 02:25 pm
Published on:
25 Oct 2024 02:24 pm
बड़ी खबरें
View Allदौसा
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
