दरअसल उत्तराखंड के पर्वतीय जनपदों में अब भी बारिश का कहर जारी है, जिससे काफी नुकसान हुआ है। काफी संख्या में लोग स्कूलों में शरण लिए हुए हैं। चारधाम यात्रा पूरी तरह से बाधित है। मानसरोवर के तीर्थयात्रियों को हेलीकाप्टर से बाहर सुरक्षित निकाला गया है। प्रदेश के पर्यटन सचिव दिलीप जावलकर के मुताबिक जब तक हालात सामान्य नहीं हो जाते हैं, तब तक तीर्थयात्रियों को संवेदनशील जनपदों में जाने की अनुमति नहीं दी जाएगी। जावलकर का कहना है कि केदारनाथ मार्ग और हेमकुंड साहिब पैदल मार्ग बारिश की वजह से प्रभावित हुआ है, लेकिन आगामी तीन चार दिनों में बारिश थम गई तो तीर्थयात्रियों के सामने कोई समस्या नहीं आएगी। प्रदेश के जोशीमठ, पिथौरागढ़ और धारचूला में हालात अब भी बदतर हैं।