12 नवंबर 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

राजकीय मेडिकल कॉलेज देहरादून और हल्द्वानी में तीमारदारों के लिए बनाए जाएंगे विश्राम गृह, एमओयू पर हस्ताक्षर

राजकीय मेडिकल कॉलेज देहरादून और हल्द्वानी में तीमारदारों के लिए 350 बिस्तरों वाले विश्राम गृह बनाए जाएंगे। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की उपस्थिति में सेवादान आरोग्य संस्था के साथ 20 वर्षों के लिए एमओयू साइन हुआ। ठहरने और भोजन की सुविधा कम दरों पर उपलब्ध होगी।
2 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

देहरादून

•

image

Aman Pandey

•

Updated: 24 Jul 2025, 7:45 AM IST

Uttarakhand news

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की उपस्थिति में राजकीय दून मेडिकल कॉलेज, राजकीय मेडिकल कॉलेज हल्द्वानी एवं सेवादान आरोग्य संस्था के बीच एमओयू पर हस्ताक्षर किए गए। (Photo : X-@pushkardhami)

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की उपस्थिति में बुधवार को सचिवालय में राजकीय दून मेडिकल कॉलेज, राजकीय मेडिकल कॉलेज हल्द्वानी एवं सेवादान आरोग्य संस्था के बीच एमओयू (समझौता ज्ञापन) पर हस्ताक्षर किए गए। यह एमओयू राजकीय मेडिकल कॉलेज हल्द्वानी एवं देहरादून में तीमारदारों के लिए विश्राम गृह निर्माण कार्य से संबंधित है।

तीमारदारों के लिए बनेंगे विश्राम गृह

सीएम पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए राज्य सरकार निरंतर प्रयासरत है। इन मेडिकल कॉलेजों में तीमारदारों के लिए विश्राम गृह बनने से बड़ी सुविधा होगी। भर्ती मरीजों के साथ आने वाले परिजनों को रात्रि विश्राम एवं ठहरने की समस्या का समाधान मिलेगा। सीएम धामी ने सेवादान आरोग्य संस्था से किच्छा स्थित एम्स सैटेलाइट सेंटर में भी यह व्यवस्था करने की बात कही, जिस पर संस्था ने सहमति व्यक्त की।

तीन पक्षीय एमओयू पर हुए हस्ताक्षर

सीएम धामी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, ''राजकीय मेडिकल कॉलेज हल्द्वानी एवं देहरादून में तीमारदारों के लिए विश्राम गृह निर्माण हेतु सचिवालय में राजकीय दून मेडिकल कॉलेज, राजकीय मेडिकल कॉलेज हल्द्वानी एवं सेवादान आरोग्य संस्था के बीच एमओयू पर हस्ताक्षर किए गए। प्रदेश में स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए हमारी सरकार प्रतिबद्ध होकर कार्य कर रही है। इन मेडिकल कॉलेजों में तीमारदारों के लिए विश्राम गृह बनने से अस्पतालों में भर्ती मरीजों के साथ आने वाले परिजनों के रात्रि विश्राम एवं उनके ठहरने की समस्या का समाधान हो सकेगा।''

इस एमओयू के तहत सेवादान आरोग्य फाउंडेशन, राजकीय मेडिकल कॉलेज हल्द्वानी एवं देहरादून में तीमारदारों के लिए विश्राम गृहों का निर्माण करेगा। दोनों मेडिकल कॉलेजों में 350 बिस्तरों की क्षमता वाले विश्राम गृहों का निर्माण प्रस्तावित है। इन विश्राम गृहों (रैन बसेरों) में रात्रि विश्राम के लिए शयनागार में 55 रुपए प्रति बिस्तर तथा दो बिस्तरों वाले कमरे 300 रुपए प्रति कक्ष की दर से उपलब्ध कराए जाएंगे। साथ ही, नाश्ता 20 रुपए और भोजन 35 रुपए की सस्ती दरों पर उपलब्ध कराया जाएगा।

एमओयू आगामी 20 वर्षों के लिए वैध

इन विश्राम गृहों का संचालन एवं रख-रखाव सेवादान आरोग्य फाउंडेशन द्वारा किया जाएगा। राजकीय मेडिकल कॉलेज देहरादून द्वारा 1,750 वर्गमीटर एवं राजकीय मेडिकल कॉलेज हल्द्वानी द्वारा 1,400 वर्गमीटर भूमि विश्राम गृहों के निर्माण हेतु प्रदान की जाएगी। यह एमओयू आगामी 20 वर्षों के लिए वैध रहेगा।