
साहब की टेबल पर बैठी है ऐसी बिल्ली, जिसे ढूंढने में लगी थी पूरे थाने की पुलिस
मध्य प्रदेश के देवास में स्थित कोतवाली थाने से एक बड़ी ही रोचक तस्वीर सामने आई है। तस्वीर में पुलिस थाने के अंदर थाना प्रभारी के टेबल पर एक बिल्ली बैठी है। ऐसा नहीं है कि, बिल्ली पुलिसकर्मियों से छुपते-छुपाते थाने में आ पहुंची हो, बल्कि बल्ली को अपने हाथों में जो पकड़े हुए हैं वो कोतवाली के टीआई हैं। अब आप सोच रहे होंगे कि, आखिर ये बिल्ली ताना प्रभारी के साथ उनकी टेबल पर कैसे आ पहुंची तो इसके पीछे जो कारण है वो भी बेहद रोचक है।
दरअसल, थाना प्रभारी इस बिल्ली के साथ इसलिए इतनी शान से तस्वीरें खिंचवा रहे हैं। क्योंकि, एक दिन पहले ये बिल्ली अचानक गायब हो गई थी। मामला पुलिस के पास पहुंचा तो अफसरों ने भी मुस्तैदी दिखाते हुए पूर शहर में टीम को दौड़ा दिया और कमाल ये हुआ कि, चंद घंटों के भीतर ही पुलिस ने बिल्ली को ढूंढ भी निकाला।
घर वालों ने छोड़ दिया था खाना-पीना
आपको बता दें कि, देवास के तीन बत्ती इलाके में रहने वाले डिस्पोजल व्यापारी तनवीर शेख के घर के सामने से सोमवार को उनका पालतू बिल्ली का बच्चा अज्ञात व्यक्ति उठा ले गया था। जैसे ही घर के बच्चों को बिल्ली चोरी होने का पता चला तो बच्चों का खाना पीना ही छोड़ दिया। इसके बाद तनवीर शेख ने दिनभर पूरे शहर में बिल्ली को ढूंढा पर वो कहीं नहीं मिली। फिर तनवीर ने मंगलवार को सिटी कोतवाली में आवेदन देकर पुलिस से बिल्ली को ढूंढने का निवेदन किया। आवेदन देते समय तनवीर अपने साथ परिवार को भी ले गए थे। थाना परभारी ने बच्चों की पीड़ा देखते हुए पूरे स्टाफ को बिल्ली तलाशने में जुटा दिया और आखिरकार कुछ घंटों के भीतर ही बिल्ली को ढूंढ निकाला।
आरोपियों ने बताई बिल्ली चुराने की वजह
मामले को लेकर सिटी कोतवाली थाना प्रभारी दीपक सिंह यादव का कहना है कि, तनवीर शेख से बिल्ली गुम होने का आवेदन मिलने के बाद पुलिस पड़ताल में पता चला कि, नई आबादी में किसी व्यक्ति के पास इस तरह की बिल्ली घूम रही है। पुलिस ने यहां से दो संदिग्धों को पकड़कर पूछताछ की तो पता चला कि, ये वही लड़के थे जो अपनी एक्टिवा पर बिल्ली को चुराकर फरार हो गए थे। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि, उन्हें वो बिल्ली काफी सुंदर लगी थी, इसलिए वो बिल्ली को उटाकर ले आए थे।
बच्चों की खुशी देखकर पिता ने जताया पुलिस का आभार
तनवीर शेख को जब पता चला कि, बिल्ली चोरी करके ले जाने वाले कोई आदतन अपराधी नहीं हैं, बल्कि वो उस बिल्ली को इसलिए अपने साथ ले गए थे, क्योंकि वो उन्हें सुंदर लगी थी। इसपर तनवीर शेख ने दोनों लड़कों को माफ करते हुए किसी तरह का प्रकरण दर्ज कराने से इंकार कर दिया। उन्होंने कहा कि, सबसे बड़ी खुशी इस बात की है कि, उनकी बिल्ली मिल जाने के कारण उनके बच्चे अब खाना खा लेंगे। तनवीर शेख ने कोतवाली थाना प्रभारी दीपक सिंह यादव समेत पूरे थाना स्टाफ का आभार व्यक्त किया है।
Published on:
5 Jul 2023, 10:41 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.