
सड़क पर हुई महिला की डिलीवरी, कुछ घंटों पहले ही अस्पताल से हुई थी डिस्चार्ज
देवास. मध्य प्रदेश के देवास में प्रसव पीड़ा के बाद जिला अस्पताल में भर्ती कराई गई एक गर्भवती महिला को अस्पताल के स्टाफ ने डिलीवरी में समय होने की बात कही। बावजूद इसके युवती के परिवार वाले उसे डिस्चार्ज कराकर घर ले गए। घर पहुंचने के कुछ देर बाद ही युवती को एक बार फिर दर्द शुरू हो गया। इसके बाद परिवार के लोग महिला को लेकर एक बार फिर अस्पतला के लिये रवाना हुए, तो घर से निकलकर कुछ दूर चलने पर महिला को अचानक असहनीय पीड़ा हुई, जिसके चलते महिला की डिलीवरी सड़क पर ही करवानी पड़ी।
हालांकि, इस दौरान आसपास की महिलाएं और आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, दाई पहुंच गईं, जिन्होंने सूझबूझ दिखाते हुए आसपास से कपड़े के पर्दे किये और सड़क पर ही डिलीवरी कराई। फिलहास, जच्चा-बच्चा दोनों स्वस्थ हैं। जिन्हें बेहतर उपचार के लिये जिला अस्पताल भेज दिया गया है।
जानकारी के अनुसार, शहर के शिवनगर की रहने वाली पेपाबाई पति मुकेश को प्रसव के लिए सोमवार को जिला अस्पताल में भर्ती किया गया था। डिलीवरी में समय होने की बात कहने के बाद परिजन मंगलवार सुबह उसे डिस्चार्ज कराकर घर ले आए। इसके बाद फिर से पेपाबाई को दर्द शुरू हो गया और उसे लेकर अस्पताल जा ही रहे थे कि, रास्ते में असहनीय पीड़ा हो गई और त्रिलोकनगर में आसपास की महिलाओं ने साड़ी और चादरों का पर्दा बनाकर डिलीवरी करवाई। बाद में एंबुलेंस की मदद से जच्चा बच्चा को जिला अस्पताल पहुंचाया गया, फिलहाल दोनों की हालत ठीक है।
Published on:
14 Sep 2021, 4:50 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.