
धौलपुर। शहर के कोतवाली थाना पुलिस ने सागरपाड़ा इलाके में नाकाबंदी के दौरान पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक कार से पांच किलो चांदी व 54 लाख रुपए से अधिक की नकदी बरामद की है। पुलिस ने कार में सवार दो युवकों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। मामले में गहनता से जांच की जा रही है।
जिला पुलिस अधीक्षक राजेश सिंह ने बताया कि मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने मंगलवार सुबह सागरपाड़ा पुलिस चौकी इलाके में नाकाबंदी कराई थी। करीब 11 बजे ग्वालियर की ओर से एक कार आते दिखी। इस पर पुलिस ने कार को रुकवाकर तलाशी ली तो कार में चांदी की छह ईंटें, पायजेब व 54 लाख रुपए से अधिक की नकदी मिली। यातायात उपनिरीक्षक रामजीतसिंह व जाप्ता युवकों को कार सहित कोतवाली थाने ले आया।
पांच सौ और 100 के नोट की गड्डियां
को तवाली थाने में पुलिस ने नकदी की गिनती कराई। बरामद राशि में दो हजार, पांच सौ व 100 रुपए के नोटों की गडिड्यां हैं। इसके अलावा चांदी की छह सिल्लियां व एक किलो 373 ग्राम चांदी की पायजेब भी हैं। पुलिस ने आयकर विभाग व आर्थिक मामलात विभाग को सूचित कर दिया है। कोतवाली थाना प्रभारी ब्रजेश कुमार ने बताया कि हिरासत में लिए गए मथुरा निवासी अमरचंद पुत्र मुरारीलाल व घनश्याम पुत्र पूरणसिंह ने पूछताछ में बताया कि वे मथुरा के एक ज्वैलर्स के मालिक के यहां काम करते हैं।
उन्होंने ही छतरपुर से चांदी व नकदी लेने भेजा था। वे ये राशि व चांदी की सिल्लियां लेकर मथुरा जा रहे थे। ग्वालियर से धौलपुर आने के दौरान मुखबिर की सूचना पर सागरपाड़ा पुलिस चौकी पर नाकाबंदी कराई गई थी। वहां सुबह करीब 11 बजे पुलिस ने सफेद रंग की कार आते देख रोक कर पूछताछ की। इस दौरान ली गई तलाशी में नकदी, जेवरात व कार बरामद की। दोनों अब तक पुलिस को संतोषजनक जवाब नहीं दे सके हैं।
Published on:
1 Nov 2017, 8:33 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.